इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मैच, 25 सितंबर से शुरू होगी ऑनलाइन बिक्री; जानें कितना है प्राइज
भारत-वेस्टइंडीज का यह मुकाबला होलकर स्टेडियम के लिए भी खास होगा। होलकर स्टेडियम में होने वाला यह 5वां मैच है।

India-West Indies T-20 Match: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 इंटरनेशनल मैच होना है। इसको लेकर टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 25 सितंबर से शुरू होगी। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) ने टिकट बिक्री के लिए District by Zomato को आधिकारिक ऑनलाइन पार्टनर बनाया है। दर्शक मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे।
1 हजार रुपये से शुरू होगी टिकट की कीमत
MPCA ने टिकटों की अलग-अलग कैटेगरी के रेट पहले ही जारी कर दिए हैं। सबसे सस्ता टिकट ईस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर का 1,000 रुपए रखा गया है। इसके अलावा ईस्ट और वेस्ट गैलरी में 1,250 रुपए से लेकर 1,800 रुपए तक के विकल्प हैं।
पवेलियन कैटेगरी में टिकट की कीमत 5,500 रुपए से शुरू होकर 8,500 रुपए तक है। वहीं फूड बॉक्स और लाइव हॉस्पिटैलिटी जैसी कैटेगरी में टिकट की कीमत 11,000 और 12,500 रुपए तक रखी गई है। सबसे महंगा टिकट साउथ पवेलियन लोअर लाइव हॉस्पिटैलिटी का 12,500 रुपए है। इन कीमतों के अलावा पेमेंट गेटवे, सुविधा और डिलीवरी से जुड़े अतिरिक्त शुल्क लागू हो सकते हैं।
एक व्यक्ति अधिकतम 4 टिकट खरीद सकेगा
टिकटों की बिक्री पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट खरीद सकेगा। चार टिकट एक ही कैटेगरी के या अलग-अलग कैटेगरी के हो सकते हैं। MPCA का यह नियम टिकटों की खरीद को सीमित रखने और ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट फैंस को मौका देने के लिए है।
छात्रों और दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग रियायती टिकट की व्यवस्था भी की जा रही है। छात्रों के लिए विशेष टिकट विंडो 22 सितंबर से शुरू होगी। सामान्य टिकटों की बिक्री 25 सितंबर से शुरू होगी। छात्र विंडो के लिए रजिस्ट्रेशन 22 सितंबर दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 23 सितंबर दोपहर 12 बजे तक या कोटा खत्म होने तक चलने की जानकारी दी गई है।
होलकर स्टेडियम में पांचवीं बार T20 इंटरनेशनल
भारत-वेस्टइंडीज का यह मुकाबला होलकर स्टेडियम के लिए भी खास होगा। MPCA के अनुसार, मैदान पर यह पांचवां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला होगा और MPCA की मेजबानी में आयोजित होने वाला छठा T20 इंटरनेशनल मैच रहेगा।
मैच की तारीख नजदीक आने के साथ ही स्टेडियम में तैयारियां भी तेज हो गई हैं। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के प्रवेश द्वार, बाउंड्री वॉल और खिलाड़ियों से जुड़े कुछ हिस्सों में सुधार का काम चल रहा है।
6 अक्टूबर को होगी सीरीज की शुरुआत
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का यह तीसरा मुकाबला होगा। सीरीज की शुरुआत 6 अक्टूबर से होगी। पहला मैच लखनऊ में, दूसरा 9 अक्टूबर को रांची में और तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर में खेला जाएगा। इंदौर का मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। इसके बाद सीरीज के बाकी दो मुकाबले हैदराबाद और बेंगलुरु में खेले जाएंगे।
इंदौर के क्रिकेट फैंस के लिए अब सबसे अहम तारीख 25 सितंबर है। इस दिन से सामान्य टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी। टिकट खरीदने के लिए केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना जरूरी होगा, ताकि फर्जी लिंक या नकली टिकट के नाम पर होने वाली ठगी से बचा जा सके।
-1.jpg&w=3840&q=75)
