Rejinagar By-election: पहले चुनाव से हटने की घोषणा, फिर वापसी; जानिए रबीउल आलम ने क्यों लिया यू-टर्न ?
पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी के गुट के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने पहले चुनाव से हटने की घोषणा की, लेकिन कुछ घंटे बाद उन्होंने फैसला बदलकर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। नंदीग्राम में इससे एक दिन पहले TMC उम्मीदवार ने नामांकन वापस लिया था।

West Bengal By-election: पश्चिम बंगाल में विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच रेजीनगर सीट पर शनिवार को घटनाक्रम तेजी से बदला। ममता बनर्जी के गुट से चुनाव लड़ रहे रबीउल आलम चौधरी ने पहले चुनाव से हटने की घोषणा की। कुछ घंटे बाद उन्होंने अपना रुख बदलते हुए चुनाव लड़ने की पुष्टि कर दी।
सुबह लिया फैसला, फिर बदल गया रुख
बता दें, रबीउल आलम चौधरी के सुबह चुनाव से हटने की खबर सामने आते ही रेजीनगर सीट पर उम्मीदवार को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई। हालांकि, यह स्थिति ज्यादा देर नहीं चली। चौधरी ने बाद में चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। इस फैसले के साथ रेजीनगर में ममता बनर्जी के गुट का उम्मीदवार अब चुनावी मुकाबले में बना हुआ है।
इस यू-टर्न की क्या थी वजह?
सूत्रों के मुताबिक, रबीउल आलम चौधरी ने सुबह चुनाव से हटने का फैसला पार्टी के पुराने ‘जोड़ा घास-फूल’ चुनाव चिन्ह पर रोक और नए ‘फुटबॉल प्लेयर’ सिंबल के साथ कम समय में चुनाव प्रचार की तैयारियों को लेकर जताई चिंता के चलते लिया था। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं पर कथित दबाव का भी मुद्दा उठाया। बाद में ममता बनर्जी से बातचीत और सुरक्षा को लेकर मिले आश्वासन के बाद उन्होंने अपना फैसला बदलते हुए रेजीनगर उपचुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।
नंदीग्राम में भी एक दिन पहले बड़ा बदलाव
वहीं, नंदीग्राम सीट पर भी उपचुनाव से ठीक पहले घटनाक्रम बदला था। ममता बनर्जी के गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की। इसी बीच मिलन प्रधान की एक पुराने हत्या मामले में गिरफ्तारी की खबर सामने आई। पुलिस के अनुसार उनके खिलाफ लंबित वारंट के आधार पर कार्रवाई की गई।
TMC के नाम और चुनाव निशान
बता दें, चुनाव आयोग ने दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों को फिलहाल पार्टी के पुराने नाम और ‘Flowers & Grass’ यानी जोड़ा घास-फूल चिन्ह इस्तेमाल करने से रोक दिया है। इसके बाद ममता बनर्जी के गुट को ‘Mamata All India Trinamool Congress’ नाम के साथ ‘Football Player’ चिन्ह मिला है। दूसरे गुट को ‘Democratic Trinamool Congress’ नाम और ‘Envelope’ चुनाव चिन्ह दिया गया है।
दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान
रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को होगी। मतदान से पहले उम्मीदवारों से जुड़े फैसलों में हुए बदलावों ने दोनों सीटों पर चुनावी गतिविधियां बढ़ा दी हैं।
.jpg&w=3840&q=75)



.jpg&w=3840&q=75)