राहुल गांधी के इंदौर एयरपोर्ट पहुंचते ही स्वागत में बवाल, मंच पर भी पुलिस और वॉलंटियर्स भिड़े
राहुल गांधी के इंदौर दौरे का मुख्य कार्यक्रम शाम को रीजनल पार्क के सामने आईडीए ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
Rahul Gandhi Indore Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे। उनके आगमन के दौरान एयरपोर्ट से रेडिसन होटल तक कई जगह कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता स्वागत के लिए मौजूद रहे। इसी दौरान राहुल गांधी से मुलाकात की कोशिश को लेकर कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस वजह से कई नेता राहुल गांधी से मुलाकात नहीं कर सके। वहीं मंच पर भी पुलिस और वॉलंटियर्स भिड़ गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने बदसलूकी की है।
राहुल गांधी के इंदौर दौरे का मुख्य कार्यक्रम शाम को रीजनल पार्क के सामने आईडीए ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में वे छात्रों और युवाओं के साथ शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
एयरपोर्ट से होटल तक स्वागत की तैयारी
राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट से होटल तक कई जगह स्वागत की तैयारी की थी। प्रशासन और पुलिस ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक के लिए अलग व्यवस्था की थी। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल जाने के रास्ते में स्वागत के लिए कई स्थान तय किए गए थे।
राहुल गांधी के काफिले के गुजरने के दौरान उनसे मिलने और स्वागत करने के लिए कार्यकर्ता आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसी बात को लेकर कुछ देर के लिए कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। घटना के बाद राहुल गांधी होटल पहुंच गए, जबकि कुछ कांग्रेस नेता उनसे मुलाकात नहीं कर पाए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की उम्मीद
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन का दावा किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर करीब 15 हजार छात्रों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश दोपहर 3:30 बजे के बाद शुरू होना था, लेकिन इससे पहले ही बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे।
कार्यक्रम में युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों पर चर्चा की जाएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली दिक्कतों और पेपर लीक का मुद्दा भी बातचीत का हिस्सा रहेगा। कांग्रेस के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित हो रहे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की यह पांचवीं कड़ी है और इंदौर में इसका आयोजन पहली बार हो रहा है।
शहर में ट्रैफिक पर भी असर
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया था। एयरपोर्ट से विजय नगर और कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। कुछ मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकी गई और कुछ जगह नो-व्हीकल जोन बनाए गए।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कांग्रेस की ओर से वॉलंटियर्स भी लगाए गए हैं। अब सभी की नजर शाम को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर है, जहां राहुल गांधी छात्रों से सीधे बातचीत करेंगे।


-1.jpg&w=3840&q=75)