'आपसे मर्यादित आचरण रखने की अपेक्षा है', सज्जन वर्मा के DCP पर विवादित बयान पर IPS एसोसिशन की आपत्ति
इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मंच व्यवस्था को लेकर पुलिस और आयोजकों के बीच बहस हुई। इसके बाद सज्जन सिंह वर्मा की DCP नरेंद्र रावत पर की गई टिप्पणी पर MP IPS एसोसिएशन ने आपत्ति जताई और पुलिस अधिकारी के प्रति संयमित भाषा की अपेक्षा की।
MP News: इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान पुलिस और आयोजकों के बीच हुई बहस का मामला और गहराता जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की DCP नरेंद्र रावत पर की गई विवादित टिप्पणी पर मध्य प्रदेश IPS एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है। IPS एसोसिएशन ने कहा है कि कांग्रेस नेता से संयमित और मर्यादित आचरण करने की अपेक्षा है।
मंच पर भीड़ को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के दौरान मंच प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व आयोजन से जुड़े लोगों के बीच बहस हुई थी। कार्यक्रम में भीड़ बढ़ने के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। DCP नरेंद्र रावत मंच पर पहुंचे और भीड़ को व्यवस्थित करने की कार्रवाई की। इस दौरान रावत और राहुल गांधी की टीम से जुड़े लोगों के बीच नोकझोंक हुई।
सज्जन वर्मा ने DCP पर की टिप्पणी
घटना के बाद पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मीडिया से बातचीत में DCP नरेंद्र रावत को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने अधिकारी के लिए ‘अदना सा अधिकारी’ और ‘सिंघम’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह ने यह भी कहा कि कई ‘सिंघम’ आए और चले गए। उन्होंने कार्यक्रम के मंच पर पुलिस अधिकारी के पहुंचने पर भी सवाल उठाए।
IPS एसोसिएशन ने जारी किया प्रेस नोट
वहीं, मध्य प्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ ने 21 सितंबर को जारी प्रेस नोट में वर्मा की टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। एसोसिएशन ने कहा कि कार्यक्रम में मंच प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी DCP नरेंद्र रावत को दी गई थी और भीड़ बढ़ने पर उन्होंने पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत ड्यूटी निभाई। एसोसिएशन ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी के प्रति मीडिया में की गई टिप्पणियों को अशोभनीय, आपत्तिजनक और अपमानजनक बताया तथा जनप्रतिनिधियों से लोक सेवकों के प्रति मर्यादित और संयमित आचरण की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर पहले से थे दिशा-निर्देश
हालांकि, राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले इंदौर पुलिस ने आयोजन को लेकर कई शर्तें और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश तय किए थे। कार्यक्रम की अनुमति के लिए पुलिस की ओर से 31 शर्तें रखी गई थीं।

.jpg&w=3840&q=75)
