MP में 5 दिन बैंक बंद रहेंगे, 3 दिन में निपटा लें काम; 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल
हड़ताल होने पर बैंक की शाखाओं में कैश जमा करना, चेक से जुड़े काम, ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट और दूसरे काम प्रभावित हो सकते हैं। खास बात यह है कि 30 सितंबर को बैंकों का छमाही क्लोजिंग भी होती है।
Bank Strike: अगर आपको अगले कुछ दिनों में बैंक में किसी भी तरह का काम है तो ये खबर आपके लिए जानना जरूरी है। मध्य प्रदेश समेत देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी दिनों में बैंकिंग से जुड़ा काम प्रभावित हो सकता है। बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसके ठीक पहले 26 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाओं में लगातार पांच दिन कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
हफ्ते में 2 दिन छुट्टी समेत कई मांगों को लेकर हड़ताल
बैंकों की यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर होने जा रही है। यूनियनों की प्रमुख मांग है कि बैंकों में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी लागू की जाए। केंद्र सरकार की ओर से कर्मचारियों से हड़ताल पर नहीं जाने की अपील की गई है। इसको लेकर यूनियन की बैठक भी हुई थी, लेकिन 23 सितंबर तक बातचीत से कोई अंतिम समाधान नहीं निकल सका था। ऐसे में 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल जारी रहने की स्थिति बनी हुई है।
क्यों हो रही है हड़ताल?
बैंक कर्मचारी संगठन लंबे समय से पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा पेंशन से जुड़े कुछ बदलाव, पेंशनरों के लिए समान महंगाई भत्ता और कुछ कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था का विकल्प जैसी मांगें भी यूनियनों की ओर से उठाई गई हैं।
वित्त मंत्रालय ने 21 सितंबर को बताया था कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत की है। मंत्रालय के अनुसार, Performance Linked Incentive (PLI) से जुड़ी मांग पर सरकार ने इसे फिलहाल रोकने का फैसला किया है। इसके बावजूद पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था को लेकर बातचीत जारी है।
MP के बैंक ग्राहकों पर क्या असर होगा?
हड़ताल होने पर बैंक की शाखाओं में कैश जमा करना, चेक से जुड़े काम, ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट और दूसरे काम प्रभावित हो सकते हैं। खास बात यह है कि 30 सितंबर को बैंकों का छमाही क्लोजिंग भी होती है। ऐसे में उस दिन बैंकिंग से जुड़े कई जरूरी काम रहते हैं। सरकार ने भी इस समय को बैंकिंग व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है।
हालांकि, ATM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य तौर पर उपलब्ध रहने की उम्मीद है। SBI और Union Bank समेत कई बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि जरूरी शाखा संबंधी काम पहले ही पूरा कर लें और जरूरत पड़ने पर डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करें।
25 सितंबर तक निपटा लें बैंक के काम
अगर किसी ग्राहक को बैंक शाखा में जाकर सितंबर के आखिरी हफ्ते में कोई काम करना है तो वे 25 सितंबर तक काम पूरा कर लें। कैश की जरूरत होने पर भी पहले से व्यवस्था करना बेहतर रहेगा। ऑनलाइन भुगतान के लिए UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
फिलहाल हड़ताल को लेकर बातचीत का रास्ता खुला है। अगर यूनियन और सरकार के बीच कोई सहमति बनती है तो स्थिति बदल सकती है। लेकिन मौजूदा जानकारी के अनुसार 28, 29 और 30 सितंबर की तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है, जिससे 26 सितंबर से लगातार पांच दिन शाखा सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
.jpg&w=3840&q=75)
