एमपी में नए BJP प्रभारी का ऐलान, बिप्लब कुमार देब को सौंपी जिम्मेदारी, रेखा वर्मा सह प्रभारी नियुक्त
मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बदलाव करते हुए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को प्रदेश प्रभारी बनाया है। सांसद रेखा वर्मा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

MP BJP New Incharge: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार (23 सितंबर) को प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नई सूची जारी की। बीजेपी ने मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बदलाव करते हुए त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब को मध्य प्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया है। पार्टी के आदेश के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
महेंद्र सिंह की जगह बिप्लब देब को जिम्मेदारी
डॉ. महेंद्र सिंह हाल तक मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी थे। वे संगठन की बैठकों और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रहे हैं। 15 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर हुई भाजपा की बैठक में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ महेंद्र सिंह मौजूद थे। अब पार्टी ने मध्य प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी बिप्लब कुमार देब को सौंपी है।
कौन हैं बिप्लब कुमार देब?
बिप्लब कुमार देब त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री हैं। वे 2018 से 2022 तक त्रिपुरा के मुख्यमंत्री रहे। उनके नेतृत्व में 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने त्रिपुरा में सरकार बनाई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में वे त्रिपुरा पश्चिम सीट से सांसद चुने गए। भाजपा के मौजूदा राष्ट्रीय संगठन में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
रेखा वर्मा को सह प्रभारी की जिम्मेदीरी
रेखा वर्मा को मध्य प्रदेश में सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वह यूपी से आती हैं। यूपी के धौरहरा लोकसभा सीट से वह दो बार सांसद रह चुकी हैं। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही उन्हें संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।
प्रभारी की भूमिका क्यों अहम?
भाजपा में प्रदेश प्रभारी की भूमिका राष्ट्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन के बीच समन्वय की होती है। प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के साथ मिलकर पार्टी की गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों की निगरानी करते हैं। राज्य से जुड़ी संगठनात्मक रिपोर्ट और फीडबैक भी राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने में प्रभारी की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। सह प्रभारी, प्रभारी के साथ मिलकर संगठन के कामकाज और निर्धारित जिम्मेदारियों को संभालते हैं। चुनाव के समय इन पदों की भूमिका और बढ़ जाती है।


.jpg&w=3840&q=75)
