बीजेपी ने प्रभारियों और सह प्रभारियों का किया ऐलान, स्मृति ईरानी, राम माधव समेत 5 चेहरों को दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम बनाने के बाद भाजपा संगठन में अहम बदलाव किया है। बीजेपी संगठन में फेरबदल करते हुए नितिन नवीन ने कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारी और सह प्रभारी बदल दिए हैं।
BJP State Incharge List: BJP ने आज (23 सितंबर) राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने कई बड़े नेताओं को अहम संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस सूची में राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी मिली है। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रभारी और चार नेताओं को सह-प्रभारी बनाया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
बीजेपी में स्मृति ईरानी का बढ़ा कद
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में स्मृति ईरानी का कद लगातार बढ़ रहा है। पहले उन्हें बीजेपी की केंद्रीय टीम में जगह मिली। उसके बाद उन्हें छत्तीसगढ़ का सह प्रभारी बनाया गया। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के अलावा हरियाणा की भी जिम्मेदारी दी गई है। एक साथ दो दो राज्यों की जिम्मेदारी देकर पार्टी ने स्मृति ईरानी पर बड़ा भरोसा जताया है।
राम माधव की संगठन में वापसी और बढ़ता कद
राम माधव का सियासी कद एक बार फिर प्रमुखता से उभरा है। बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में पहले उनकी मुख्यधारा में वापसी हुई और अब उन्हें दो राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। साल 2020 में राष्ट्रीय महासचिव के पद से हटने और पुनः संघ के कार्यक्षेत्र में लौटने के बाद राम माधव की भाजपा के केंद्रीय संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर वापसी हुई है। राम माधव को दक्षिण भारत के तमिलनाडु के साथ चुनावी राज्य उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। तमिलनाडु बीजेपी के लिए अभी भी काफी मुश्किल जमीन मानी जा रही। जबकि उत्तराखंड में बीजेपी के सामने सत्ता की हैट्रिक लगाने की चुनौती है।
इन चेहरों को दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी
बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया है, तो हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक की कमान सौंपी है। सतीश पूनिया को पंजाब के साथ जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया गया है। राम माधव को तमिलनाडु के साथ उत्तराखंड की कमान सौंपी है। वहीं सुनील बंसल को बंगाल के साथ तेलंगाना का प्रभारी पहले की तरह बनाए रखा गया है।




