'चिट्ठी को पढ़ लें तो मैं उन्हें इनाम दूंगा', OBC आरक्षण पर राहुल गांधी के पत्र का विश्वास सारंग ने दिया जवाब
मध्य प्रदेश में 27% OBC आरक्षण का मुद्दा फिर चर्चा में है। राहुल गांधी ने CM मोहन यादव को पत्र लिखकर 13% लंबित पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग की। मंत्री विश्वास सारंग ने जवाब देते हुए आरक्षण विवाद के लिए पिछली कमलनाथ सरकार को जिम्मेदार बताया।
Rahul Gandhi Letter on OBC Reservation: मध्य प्रदेश में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण से जुड़ा मामला एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर आरक्षण के तहत लंबित नियुक्तियों का समाधान करने की मांग की है। राहुल गांधी के मुताबिक, 87:13 व्यवस्था के तहत 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां रुकी हुई हैं और चयनित अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने पत्र में क्या कहा?
बता दें, राहुल गांधी ने 22 सितंबर को लिखे पत्र में इंदौर के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। इनमें OBC आरक्षण के तहत लंबित नियुक्तियों का मुद्दा भी शामिल था।
राहुल गांधी के अनुसार, अभ्यर्थियों ने परीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन 87:13 व्यवस्था के कारण 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां लंबित हैं। उन्होंने दावा किया कि इन पदों पर चयनित उम्मीदवार 2022 से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
27% आरक्षण को लेकर क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण का प्रावधान 2019 में तत्कालीन कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में किया गया था। इस व्यवस्था को लेकर कानूनी चुनौती के बाद भर्ती में 87:13 व्यवस्था अपनाई गई, जिसके तहत कुछ पदों को विवाद के निपटारे तक अलग रखा गया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल के हालिया भर्ती रिकॉर्ड में भी कुछ परीक्षाओं के परिणामों में 87 प्रतिशत तथा OBC और UR से जुड़े 13 प्रतिशत वर्गों की अलग-अलग सूचियां दिखाई देती हैं।
विश्वास सारंग ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी की चिट्ठी पर मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने तंज कसते हुए कहा कि वह जिस मुद्दे पर पत्र लिख रहे हैं उसकी जानकारी तो ले लेते। यदि मध्य प्रदेश में OBC आरक्षण को रोकने का पाप किसी ने किया था, तो वह कांग्रेस की कमलनाथ की सरकार ने किया था। हमारी सरकार तो पहले से कहती है कि हम ओबीसी आरक्षण 27% देने के लिए कटिबद्ध हैं। कोर्ट में कांग्रेस ने पक्ष ठीक ढंग से नहीं रखा। अब राहुल गांधी को कुछ समझ तो आता नहीं है। साथ ही सारंग ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखी बातों को अक्षरश: पढ़ते हुए एक वीडियो पोस्ट करें। अगर सही से वह पढ़ लेते हे हैं तो मैं उन्हें इनाम दूंगा।



