Noida Bus Fire Accident: AC बस में अचानक लगी भीषण आग, 9 यात्री जले जिंदा
नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर एयरपोर्ट के पास स्लीपर AC बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। बस में 35 यात्री सवार थे। कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर जान बचाई। पुलिस ने चालक और कंडक्टर को हिरासत में लिया है।

Noida Bus Fire Accident: उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। हादसा जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद बस के अं धुआं भर गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई।
20 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं
हादसे की सूचना मिलने के करीब 10 मिनट के भीतर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस घटनास्थल पर भेजी गईं। यमुना एक्सप्रेस-वे और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में तैनात करीब 20 एंबुलेंस को राहत कार्य में लगाया गया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को काटकर अंदर फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला गया। घायलों को आसपास के अस्पतालों में ले जाया गया। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद महोबा भेजा गया, जबकि कुछ लोग निजी वाहनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बता दें, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने करीब दो घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बस से 9 शव बरामद किए गए। आग की वजह से शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान में मुश्किल आ रही है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बचाई जान
यात्रियों के मुताबिक, घटना के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक शोर और चीख-पुकार से नींद खुली। बस के अंदर धुआं भर चुका था और लोग बाहर निकलने के लिए एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। हादसे के दौरान बस में मौजूद यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। आग लगने के बाद ड्राइवर ने बस देरी से रोकी। यात्रियों ने जब शीशे तोड़ना शुरू किया, तब बस रोकी गई।
घायल महिला ने बताया हादसे का मंजर
हादसे में घायल रेखा भारद्वाज का जेवर के आरोग्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि वह अपने पति के साथ दिल्ली से महोबा जा रही थीं और बस में सो रही थीं। अचानक शोर सुनकर उनकी आंख खुली तो चारों तरफ धुआं और भगदड़ थी। भागने के दौरान वह बस के अंदर गिर गईं। उनके ऊपर से कई यात्री निकलकर बाहर गए। कुछ देर बाद उन्हें सड़क पर पाया गया, लेकिन उनके पति का अभी तक पता नहीं चल सका है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति हादसे में मारे गए हैं।
AC में खराबी के बाद आग लगने की आशंका
अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC सिस्टम में स्पार्क या शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है। आग तेजी से बस के दूसरे हिस्सों में फैल गई और कुछ ही समय में पूरी बस इसकी चपेट में आ गई।
हिरासत में ड्राइवर और कंडक्टर
वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के कारणों और बस में मौजूद सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। प्रशासन की ओर से भी घटना की जांच की जा रही है।



