बिहार में फिर शर्मनाक हरकत! जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की से बदसलूकी, 5 दिन में दूसरा मामला
बिहार के समस्तीपुर में भी जमुई जैसी छेड़खानी की घटना हुई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

Samastipur Girl Harassment: बिहार से एक और शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। जमुई के बाद अब समस्तीपुर में एक लड़की के साथ अभद्रता हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंह से जुड़े इस वीडियो में कुछ युवक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिर्फ छह घंटे के भीतर सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बीच सड़क पर लड़की से बदसलूकी
समस्तीपुर में लड़की से सरेराह छेड़खानी का वायरल वीडियो 56 सेकेंड का है। वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़की सड़क पर खड़ी है। उसे कुछ लड़के परेशान कर रहे हैं। वो उनसे बचने की कोशिश करती है। लेकिन बनियान पहले एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता दिख रहा है। लड़की के विरोध करने पर एक लड़का उसके मारने की कोशिश करता है।
इस दौरान लड़की बार-बार कहती है कि मुझे छोड़ दो, लेकिन लड़के उसे जाने नहीं देते हैं। लड़की यह भी कहती है कि रूको मैं अपने भाई को बुलाती हूं। इस पर लड़के कहते हैं कि ठीक है बुलाओ।
वायरल वीडियो के आधार पर 4 गिरफ्तार
पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। कर्पूरीग्राम थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि जगतसिंहपुर बांध इलाके में दिनदहाड़े कुछ लोगों के एक समूह द्वारा एक लड़की को परेशान करने का वीडियो वायरल होने के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और FIR दर्ज की गई है। पकड़े गए 4 आरोपियों में विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार और रामबाबू सहनी जगतसिंहपुर गांव के रहने वाले हैं। चौथा आरोपी अवधेश पासवान कर्पूरीग्राम का रहने वाला है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब का है और उसमें दिखाई दे रही घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
जमुई मामले में एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी गिफ्तार
इससे पहले, बिहार के जमुई से ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां नाबालिग लड़के और लड़की के साथ कुछ लोगों ने सड़क पर सरेआम बदसलूकी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा गया कि छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न किया जा रहा है। छात्रा बैड टच की शिकार हो रही है। वहीं, छात्र युवकों के समूह से छात्रा को बचाने की कोशिश कर रहा है। यह घटना 19 सितंबर की बताई गई। मामले में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया। इनमें पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। इसके अलावा तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।





