युवाओं के लिए सुनहरा मौका! MPPGCL में 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद, 10 हजार रुपए तक मिलेगा स्टाइपेंड
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद निकाले हैं।

MP On Job Training: मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी अच्छी खबर है। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद उपलब्ध कराए हैं।
इन पदों पर चयनित युवाओं को प्रदेश के अलग-अलग विद्युत गृहों और कंपनी के कार्यालयों में एक साल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान पात्र युवाओं को ₹8,000 से ₹10,000 प्रतिमाह तक स्टाइपेंड मिलेगा।
जल और ताप विद्युत गृहों में मिलेगा प्रशिक्षण
युवाओं को जबलपुर स्थित कंपनी मुख्यालय के साथ प्रदेश के विभिन्न जल और ताप विद्युत गृहों में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के लिए इलेक्ट्रीशियन, इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी एवं सिस्टम मेंटेनेंस, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, स्टेनो हिंदी/अंग्रेजी, सिविल इंजीनियरिंग, मानव संसाधन और अकाउंट्स समेत अलग-अलग कार्यक्षेत्र शामिल हैं।
इस ट्रेनिंग के जरिए युवाओं को अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार विद्युत उत्पादन और कंपनी के कामकाज की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।
एक साल की ट्रेनिंग, ₹10 हजार तक स्टाइपेंड
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित पात्रता के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को उनकी कार्यश्रेणी और जिले के अनुसार कंपनी के विभिन्न विद्युत गृहों एवं कार्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण शुरू होने के एक माह बाद पात्र प्रशिक्षणार्थियों को 8,000 से 10,000 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलना शुरू होगा। प्रशिक्षण की कुल अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है।
18 से 29 साल के युवा कर सकते हैं आवेदन
मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना जरूरी है। आवेदक की उम्र 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अलग-अलग प्रशिक्षण श्रेणियों के अनुसार 12वीं, ITI, डिप्लोमा या स्नातक की योग्यता निर्धारित की गई है।
15 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र युवा 15 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए करना होगा।
आधार की ई-केवाईसी जरूरी
अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के ऑनलाइन पोर्टल (https://mmsky.mp.gov.in/Web/Candidate/Registration) के माध्यम से आवेदन करना होगा। पंजीयन के लिए समग्र आईडी और आधार की ई-केवाईसी जरूरी है। आवेदन में किसी तरह की परेशानी या जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित जिला स्तरीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।
ध्यान दें: ये पद ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के लिए हैं। इन्हें नियमित सरकारी नौकरी या स्थायी रोजगार नहीं माना जाएगा।





