1 अक्टूबर को बालाघाट आएंगे राहुल गांधी; पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात, उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 15 दिनों के अंदर दूसरी बार मध्य प्रदेश आ रहे हैं। 1 अक्टूबर को वह बालाघाट आएंगे। वहां मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
Rahul Gandhi Balaghat Visit: मध्य प्रदेश के बालाघाट में बैगा आदिवासी बच्चों की मौतों के बीच राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट का दौरा करेंगे। इस दौरान वह बैहर और बिरसा क्षेत्र के प्रभावित आदिवासी इलाकों में पहुंचकर मृत बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे और जमीनी हालात की जानकारी लेंगे। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 32 बच्चों की मौत की जानकारी सामने आई है।
राहुल गांधी का 13 दिनों के भीतर मध्य प्रदेश का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले 19 सितंबर को उन्होंने इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने आदिवासी बच्चों की मौतों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे।
मृत बच्चों के परिवारों से मिलेंगे राहुल
मध्य प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- राहुल गांधी मृत बच्चों के परिवारों से मिलकर जमीनी हालात समझेंगे। उनसे जानेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ आदिवासी परिवारों तक क्यों नहीं पहुंचा। बच्चों को पोषण, दलिया, मच्छरदानी और टीकाकरण जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पाईं।
वहीं, मृत बच्चों के परिवारों को आर्थिक मदद देने पर सिंघार ने कहा कि सिर्फ सहायता देना काफी नहीं है। सरकार की जिम्मेदारी है कि उसकी योजनाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचें। स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी तय नहीं की गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चुप्पी साध ली
शिक्षकों के आंदोलन पर बोले सिंघार
उमंग सिंघार ने TET के खिलाफ शिक्षकों के आंदोलन पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- ‘सरकार पूरी तरह से निरंकुश हो गई है। सरकार शिक्षकों की नहीं सुनना चाहती। सरकार ने टीचर्स के परिवारों के बारे में क्या सोचा? परीक्षा लेकर क्या शिक्षकों को बेरोजगार करना चाहते हैं
CEC को लेकर बीजेपी पर निशाना
उमंग सिंघार ने सीईसी को लेकर कहा कि ज्ञानेश कुमार को लेकर भाजपा को जो करना था कर लिया। भाजपा ने ज्ञानेश कुमार का इस्तेमाल कठपुतली की तरह किया है। भाजपा ने वोट चोरी कराने का काम किया। देश के आम व्यक्ति के वोट चोरी किए गए।
सुसनेर चुनाव में EVM विवाद पर भी दिया बयान
मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए आज 103 पदों पर मतदान हो रहा है। आगर-मालवा के सुसनेर में नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए भी मतदान कराया जा रहा है। इस दौरान सुसनेर उपचुनाव में EVM को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस पर उमंग सिंघार ने कहा कि बिना जानकारी ईवीएम बदली गई, इस मामले में कलेक्टर को कार्रवाई करना चाहिए।



