India-Pakistan News: पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर देर रात चला बुलडोजर, कई ढांचे हटाए गए; जानिए क्या है पूरा मामला
India-Pakistan News: दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर तय सीमा से बाहर बने बैरिकेड, फेंसिंग और वीजा सेक्शन के ढांचे JCB से हटाए गए।

India-Pakistan News: दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुधवार देर रात बुलडोजर कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक, हाई कमीशन की तय सीमा से बाहर बने कुछ ढांचे हटाए गए हैं। कार्रवाई में बैरिकेड, फेंसिंग और वीजा सेक्शन के पास कतार प्रबंधन के लिए बनाए गए अस्थायी ढांचों को भी हटाया गया। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर भी सुरक्षा से जुड़े कुछ ढांचे हटाए गए थे।
JCB से हटाए गए बैरिकेड और फेंसिंग
कार्रवाई के दौरान संबंधित एजेंसियों ने JCB की मदद से हाई कमीशन के बाहरी हिस्से में बने ढांचों को हटाया। मौके पर टूटी रेलिंग, लोहे के फ्रेम, ईंट, कंक्रीट के टुकड़े और छत की चादरें दिखाई दीं। बाहरी हिस्से में लगी सफेद मेटल फेंसिंग और कुछ अन्य अस्थायी संरचनाएं भी हटा दी गईं।
वीजा सेक्शन के पास बने ढांचे भी हटे
बुलडोजर कार्रवाई का असर पाकिस्तान हाई कमीशन के वीजा सेक्शन के आसपास भी दिखाई दिया। यहां आवेदकों की कतार और आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए बनाए गए कुछ ढांचे हटाए गए। कार्रवाई के बाद वीजा सेक्शन के सर्विस काउंटर और वहां लगे अलग-अलग विंडो के बोर्ड साफ दिखाई देने लगे।
मुख्य इमारत और मेन गेट को नहीं पहुंचा नुकसान
कार्रवाई हाई कमीशन की मुख्य इमारत तक नहीं की गई। पाकिस्तान हाई कमीशन का मेन गेट, सफेद दीवारें और प्रवेश द्वार सुरक्षित रहे। परिसर के कुछ हिस्सों में कांटेदार तार भी दिखाई दिए। यानी कार्रवाई मुख्य रूप से बाहरी हिस्से में बने उन ढांचों तक सीमित रही, जिन्हें अधिकारियों ने तय सीमा से बाहर बताया।
इस्लामाबाद में कार्रवाई के दो दिन बाद दिल्ली में एक्शन
दिल्ली में यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब दो दिन पहले इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटाए गए थे। दोनों घटनाओं के समय को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि दिल्ली में अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आधार हाई कमीशन की निर्धारित सीमा से बाहर बने ढांचों को बताया गया है।