आयुष्मान-शर्वरी की फिल्म ने इमरान को पछाड़ा, दोनों की कमाई में सिर्फ 35 लाख का अंतर
बॉक्स ऑफिस पर आयुष्मान खुराना की 'ये प्रेम मोल लिया' ने पहले दिन 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इमरान हाशमी की 'गनमास्टर G9' ने 3.65 करोड़ रुपये कमाए। दोनों फिल्मों के बीच सिर्फ 35 लाख रुपये का अंतर रहा।

Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर शुक्रवार को दो नई फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। आयुष्मान खुराना की 'ये प्रेम मोल लिया' और इमरान हाशमी की 'गनमास्टर G9' एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज हुईं। दोनों फिल्मों की ओपनिंग बहुत बड़ी नहीं रही, लेकिन पहले दिन की कमाई में आयुष्मान खुराना और शर्वरी की फिल्म ने मामूली बढ़त हासिल कर ली। इमरान हाशमी की एक्शन थ्रिलर भी ज्यादा पीछे नहीं रही।
'ये प्रेम मोल लिया' की शुरुआत ने दिखाई उम्मीद
आयुष्मान खुराना और शर्वरी की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' ने पहले दिन भारत में करीब 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म की घरेलू ग्रॉस कमाई 4.70 करोड़ रुपये रही। वहीं, इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 8.45 करोड़ रुपये है। फिल्म को पहले दिन 7,251 शो मिले। सुबह के मुकाबले शाम के शोज में दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी। अब फिल्म के लिए शनिवार और रविवार का प्रदर्शन काफी अहम रहने वाला है।
इमरान हाशमी की 'गनमास्टर G9' ने भी दी कड़ी चुनौती
इमरान हाशमी की फिल्म 'गनमास्टर G9' ने पहले दिन 3.65 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन 4.30 करोड़ रुपये रहा। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान के साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को पहले दिन देशभर में 7,740 शोज मिले। इसकी हिंदी 2D ऑक्यूपेंसी 12.85 प्रतिशत दर्ज की गई। शुरुआती शोज में दर्शकों की मौजूदगी कम रही, जबकि रात के शो में बेहतर प्रतिक्रिया देखने को मिली।
दोनों फिल्मों की कमाई में कितना रहा अंतर?
ओपनिंग डे के आंकड़ों के मुताबिक, 'ये प्रेम मोल लिया' ने 4 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन के साथ बढ़त बनाई। वहीं 'गनमास्टर G9' की कमाई 3.65 करोड़ रुपये रही। दोनों के बीच महज 35 लाख रुपये का अंतर है। यानी पहले दिन का मुकाबला काफी करीबी रहा।
वीकेंड बताएगा किस फिल्म में कितना दम
हालांकि, शुक्रवार की कमाई के बाद अब दोनों फिल्मों के सामने वीकेंड में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती है। शनिवार और रविवार को दर्शकों की संख्या बढ़ती है या नहीं, इसी से फिल्मों की आगे की कमाई का रुख तय होगा। फिलहाल पहले दिन की बाजी आयुष्मान की फिल्म के नाम रही है।









