लापता बच्चा, बेचैन पिता और मुखौटे के पीछे छिपा राज, जितेंद्र कुमार की 'Dalimb' का ट्रेलर रिलीज;जानें कब आएगी फिल्म?
जितेंद्र कुमार की साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'डालिंब' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। कहानी एक लापता बच्चे, परेशान पिता और रहस्यमयी सोसाइटी के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रिया बापट भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म 4 दिसंबर को ZEE5 पर रिलीज होगी।

Dalimb Trailer Out: कॉमेडी और हल्के-फुल्के किरदारों से पहचान बनाने वाले अभिनेता जितेंद्र कुमार इस बार दर्शकों को सस्पेंस और मनोवैज्ञानिक रोमांच की दुनिया में ले जाने की तैयारी में हैं। उनकी नई फिल्म 'डालिंब' का करीब दो मिनट का ट्रेलर सामने आया है। इसमें एक बच्चे के अचानक गायब होने के बाद शुरू हुई तलाश धीरे-धीरे रहस्यमयी घटनाओं और संदेह के घेरे में पहुंच जाती है। फिल्म की कहानी एक रिहायशी सोसाइटी के भीतर घटती है, जहां हर चेहरा किसी अनकहे राज से जुड़ा नजर आता है।
बेटे के गायब होते ही बदल जाती है पिता की दुनिया
बता दें, ट्रेलर की शुरुआत सूरज कुमार और उसके बेटे आदि के खुशनुमा पलों से होती है। दोनों के बीच की सहज बातचीत और मस्ती के बाद कहानी अचानक नया मोड़ लेती है, जब आदि लापता हो जाता है। बेटे को खोजने के लिए सूरज पूरी सोसाइटी में भटकता है, लेकिन उसे कोई ठोस जानकारी नहीं मिलती। मामले की जांच के लिए पुलिस अधिकारी की एंट्री होती है, जिसका किरदार प्रिया बापट निभा रही हैं। पूछताछ के दौरान सोसाइटी में रहने वाले लोगों पर संदेह गहराने लगता है। कहानी का तनाव इस सवाल के आसपास घूमता है कि आखिर बच्चे के गायब होने के पीछे कौन है और क्या पिता को अपने आसपास मौजूद लोगों पर भरोसा करना चाहिए?
मुखौटा पहने कलाकार ने बढ़ाया रहस्य
जानकारी के अनुसार, फिल्म के ट्रेलर में एक पारंपरिक लोक कलाकार और उसके चेहरे पर लगा खास मुखौटा भी दिखाई देता है। संगीत, लोक परंपराओं और रहस्यमयी दृश्यों का मेल कहानी को अलग माहौल देता है। यह किरदार फिल्म के सस्पेंस में अहम भूमिका निभाता नजर आता है। इससे पहले जुलाई में फिल्म का टीजर जारी किया गया था। उसमें भी लोक कलाकार के रहस्यमयी व्यक्तित्व और उसके भीतर चल रहे संघर्ष की झलक दिखाई गई थी। अब ट्रेलर में इन संकेतों को एक गुमशुदगी की कहानी से जोड़कर पेश किया गया है।
क्या है 'डालिंब' टाइटल का मतलब?
फिल्म के नाम और पोस्टर में अनार की मौजूदगी भी दर्शकों का ध्यान खींचती है। 'डालिंब' शब्द का इस्तेमाल कई भारतीय भाषाओं में अनार के लिए किया जाता है। फिल्म के प्रचार से जुड़े पोस्टर और टीजर में कटे हुए अनार को प्रमुखता से दिखाया गया है। यह प्रतीक कहानी के भीतर छिपे रहस्यों और उसके गंभीर मिजाज की ओर इशारा करता है।
4 दिसंबर को ZEE5 पर होगा प्रीमियर
'डालिंब' सिनेमाघरों के बजाय सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज डेट 4 दिसंबर तय की गई है। इसका निर्देशन और लेखन प्रिया एवेन ने किया है। एलिप्सिस एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म को तनुज गर्ग और अतुल कास्बेकर ने प्रोड्यूस किया है।
जितेंद्र कुमार के साथ नजर आएंगे ये कलाकार
फिल्म में जितेंद्र कुमार के साथ प्रिया बापट, क्षितिज दाते, कविन दवे, साई प्रसाद, हरीश कुलकर्णी और सागर यादव अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। डायलॉग वरद भटनागर ने लिखे हैं, जबकि तनुज गर्ग ने भी लेखन में उनका सहयोग किया है।





