कौन है गोपाल भार्गव? लगातार 9 बार विधायक बनने के बाद किया संन्यास का ऐलान
रहली से 9 बार विधायक रहे गोपाल भार्गव ने कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने के बाद राजनीति से संन्यास लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि बांध बनने से 28 गांवों के 11,700 किसानों को फायदा मिलेगा।
Sagar News: मध्यप्रदेश की राजनीति के वरिष्ठ नेता और रहली से 9 बार विधायक चुने जा चुके गोपाल भार्गव ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि रहली क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित कोपरा सिंचाई परियोजना का निर्माण पूरा होते ही वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। अब उनके लिए क्षेत्र में सबसे बड़ा काम इस परियोजना को पूरा कराना ही रह गया है। इसके बाद वे सक्रिय राजनीति से दूरी बना लेंगे। भार्गव मंगलवार को रहली विधानसभा क्षेत्र के बलेह में स्वास्थ्य केंद्र भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां संबोधन के दौरान उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी को लेकर यह बात कही। बुधवार को उनके बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई।
CM से हर मुलाकात में उठाते हैं कोपरा परियोजना का मुद्दा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोपाल भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री से जब भी उनकी बातचीत होती है, वे कोपरा सिंचाई परियोजना को लेकर ही चर्चा करते हैं। उनका कहना है कि इस बांध का निर्माण पूरा होना क्षेत्र के विकास के लिहाज से बेहद जरूरी है। परियोजना को लेकर पहले जो रुकावटें थीं, वे अब दूर हो चुकी हैं। बांध बनने से रहली क्षेत्र के रोन-कुमराई से लेकर पथरिया और दमोह के आसपास के इलाकों तक किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। इससे खेती पर निर्भर परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
20-25 हजार किसान परिवारों को मिलेगा फायदा
गोपाल भार्गव के मुताबिक, कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने से क्षेत्र में कृषि की तस्वीर बदल सकती है। किसानों को पर्याप्त पानी मिलने से उनकी पैदावार और आमदनी बढ़ने की उम्मीद है। उनका सपना है कि रहली के किसान भी पंजाब और हरियाणा के किसानों की तरह खुशहाल और समृद्ध बनें। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस परियोजना से 20 से 25 हजार किसान परिवारों को समृद्धि मिलने का रास्ता खुलेगा। यही वजह है कि वे इसे अपने राजनीतिक जीवन का अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य मानते हैं।
24,686 एकड़ जमीन तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी
कोपरा सिंचाई परियोजना के पूरा होने पर 24,686 एकड़ से अधिक भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। इससे रहली विधानसभा क्षेत्र के करीब 28 गांवों के 11,700 किसानों को सीधा लाभ पहुंच सकता है। परियोजना पूरी होने से खेती के लिए बारिश पर निर्भरता कम होगी और किसानों को बेहतर कृषि उत्पादन का अवसर मिलेगा।
गोपाल भार्गव का राजनीतिक सफर
गोपाल भार्गव का जन्म 1 जुलाई 1952 को सागर जिले के गढ़ाकोटा में हुआ। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और 1970 से 1973 तक सागर विश्वविद्यालय छात्रसंघ में विभिन्न पदों पर रहे। वर्ष 1980 से 1982 तक गढ़ाकोटा नगरपालिका के अध्यक्ष रहे। इसके बाद 1985 में पहली बार रहली विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। उन्होंने 1990, 1993, 1998, 2003, 2008, 2013, 2018 और 2023 में लगातार चुनाव जीतकर कुल 9 बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2003 में उमा भारती सरकार में पहली बार मंत्री बने। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सहकारिता और लोक निर्माण विभाग (PWD) जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। 2019 से 2020 तक मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। दिसंबर 2023 में उन्हें 16वीं विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर बनाया गया।



