भोपाल में फर्जी IAS का पर्दाफाश, 12वीं पास शख्स 14 साल तक PMO अधिकारी बनकर करता रहा ठगी
भोपाल में 12वीं पास रामानुज गुर्जर फर्जी IAS बनकर करीब 14 साल तक लोगों को ठगता रहा। PMO अधिकारी बताकर नौकरी, सरकारी टेंडर और आर्म्स लाइसेंस दिलाने का झांसा दिया।
Bhopal News: प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी होने का दावा कर लोगों पर रौब जमाने और करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शख्स का भोपाल में पर्दाफाश हुआ है। गांधीनगर पुलिस ने आरोपी रामानुज गुर्जर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हैरानी की बात यह है कि महज 12वीं तक पढ़ाई करने वाला यह शख्स करीब 14 साल से खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहा था। अलग-अलग पहचान और पद का हवाला देकर उसने कई लोगों को निशाना बनाया।
नौकरी से लेकर सरकारी टेंडर तक का झांसा
बता दें, आरोपी ने PMO में तैनात IAS अधिकारी होने का दावा कर वकीलों को सरकारी नौकरी दिलाने और सरपंचों व बिल्डरों को सरकारी टेंडर दिलवाने का भरोसा दिया। इसी बहाने उसने अलग-अलग लोगों से मोटी रकम वसूली। वर्ष 2012 में जयपुर में एक वकील से पांच लाख रुपये लेने का मामला सामने आया था। वहीं, भोपाल के हबीबगंज थाने में छह सरपंचों से करीब 12 लाख रुपये की ठगी की शिकायत पर भी केस दर्ज हुआ था। इन मामलों में आरोपी को जेल भी जाना पड़ा था।
जेल से लौटकर बदली पहचान
जानकारी के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद भी रामानुज ने अपनी गतिविधियां बंद नहीं कीं। उसने फिर से नई पहचान के सहारे लोगों को भरोसे में लेना शुरू कर दिया। इस बार उसने आर्म्स लाइसेंस बनवाने का रास्ता आसान कराने का दावा किया और एक फरियादी से सात लाख रुपये ऐंठ लिए। रकम का कुछ हिस्सा नकद और कुछ ऑनलाइन माध्यम से लिया गया।
ममेरे भाई के वीडियो ने खोल दी ठगी की परतें
इस पूरे मामले में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कथित तौर पर फरियादी से पैसे लेते नजर आ रहा है। यह वीडियो उसके ममेरे भाई ने ही बनाया था। इसी घटनाक्रम के बाद आरोपी की गतिविधियां सामने आईं और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे जेल भेज दिया गया है।
10 से ज्यादा थानों में शिकायतें
वहीं, आरोपी के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में ठगी से जुड़ी दस से अधिक शिकायतें और मामले दर्ज है। इनकी कुल रकम करोड़ों रुपये है। पुलिस अब आरोपी के पुराने मामलों, कथित फर्जी पहचान और ठगी के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।



