भोपाल VIP रोड पर नशे में धुत ड्राइवर ने रेलिंग पर चढ़ाई स्कूल बस, तीन बच्चे और तीन टीचर घायल
भोपाल के VIP रोड पर लिटिल एंजिल्स स्कूल की बस रेलिंग तोड़कर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन बच्चे और तीन शिक्षक घायल हुए। चालक के नशे में होने की बात सामने आई है।
Bhopal News: राजधानी भोपाल में शुक्रवार दोपहर स्कूल बस चलाने में लापरवाही का मामला सामने आया है। VIP रोड पर लिटिल एंजिल्स स्कूल की बस अचानक बेकाबू हो गई। कोहेफिजा सर्किल के पास बस ने सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ा और पेड़ से जा टकराई। बस में उस वक्त बच्चे और शिक्षक सवार थे। हादसे में तीन बच्चे और तीन टीचर घायल हो गए। सभी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय ड्राइवर नशे में था।
टक्कर के बाद बस में मची अफरा-तफरी
बता दें, शुक्रवार दोपहर करीब 2:50 बजे बस कोहेफिजा सर्किल के पास पहुंची थी। मोड़ पर चालक बस को संभाल नहीं पाया। वाहन सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराया और उसे तोड़ते हुए पेड़ तक जा पहुंचा। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बस में सवार 6 लोग चोटिल
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के वक्त बस में बच्चे और शिक्षक मौजूद थे। टक्कर में तीनों बच्चों और तीन टीचरों को चोटें आईं। हादसा होते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकाला। जिसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी छह घायलों को हमीदिया अस्पताल ले जाया गया।
जांच के बाद साफ होगी स्थिति
हादसे के बाद आशंका जताई जा रही है कि बस चालक नशे की हालत में था। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बस अचानक अनियंत्रित कैसे हुई और क्या चालक के नशे में होने का हादसे से कोई संबंध था।
पुलिस खंगाल रही हादसे से जुड़े सभी पहलू
कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि हादसे में तीन बच्चे और तीन शिक्षक घायल हुए हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। दुर्घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके पर नहीं मिले। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। चालक के नशे में होने की बात की भी जांच की जाएगी। इसके बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








