देवास में CM मोहन यादव के सामने खुली लापरवाही की पोल, किसी को किया सस्पेंड तो किसी की रोकी वेतन वृद्धि
CM मोहन यादव ने देवास के समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने और पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकने को कहा। सैनिक के परिवार को 10 लाख और किसान को 50 हजार की सहायता घोषित की।

Dewas Samadhan Online: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने देवास के आवेदकों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। एक मामले में जवाबदेही तय नहीं कर पाने पर उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं, छात्रवृत्ति के मामले में लापरवाही सामने आने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने को कहा। इसके अलावा नल जल योजना की शिकायत पर ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश भी दिए।
शिकायत की फाइल नहीं दिखा पाए अधिकारी
बता दें, समाधान ऑनलाइन के दौरान एक आवेदक की समस्या के निराकरण में देरी और संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने का मामला सामने आया। मुख्यमंत्री ने इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने के चलते निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आम लोगों की शिकायतों को लंबित रखना और उनके समाधान में उदासीनता दिखाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति दूसरे खाते में पहुंची
साथ ही, कार्यक्रम में देवास की आवेदिका सलोनी सिसोदिया ने अपनी छात्रवृत्ति नहीं मिलने की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। बातचीत में सामने आया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति उनके खाते में पहुंचने के बजाय किसी दूसरे खाते में जमा हो गई थी। मामले में संबंधित पर्यवेक्षक की ओर से जरूरी फॉलोअप नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। इस पर मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख की सहायता
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय सैनिक पवन यादव के परिवार के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि सैनिकों के परिवारों का सम्मान और सहयोग सरकार की प्राथमिकता है। सीएम ने यह भी बताया कि सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने के मामले में जरूरी परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद सरकार इस संबंध में निर्णय पर विचार करेगी।
फसल बीमा नहीं मिलने पर किसान को 50 हजार की मदद
समाधान ऑनलाइन में वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत रखी। उनकी समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लाल सिंह सहित अन्य आवेदकों की समस्याएं सुनीं।
नल जल योजना में लापरवाही पर ठेकेदार पर एक लाख की पेनल्टी
वहीं, देवास के सुरेश मालवीय ने नल जल योजना से जुड़ी शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। शिकायत में योजना के काम में लापरवाही का मुद्दा उठाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के कामकाज की निगरानी और शिकायतों के समय पर निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, देवास कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निराकरण तय समय-सीमा में किया जाए और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए।







