इटारसी के शिवा देवानी को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई विदाई, परिवार ने दान की आंखें और त्वचा
इटारसी के शिवा देवानी सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण हादसे में गंभीर घायल हो गए थे। भोपाल में सात दिन इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया। परिवार ने उनकी आंखें और त्वचा दान की। शनिवार को शांति धाम में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

Narmadapuram News: नर्मदापुरम जिले के इटारसी के शिवा देवानी भले ही जिंदगी की जंग हार गए, लेकिन उनके परिवार ने ऐसा फैसला लिया, जिससे उनकी आंखें और त्वचा जरूरतमंदों के काम आ सकेंगी। करीब सात दिन पहले सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण हुए हादसे में शिवा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। भोपाल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उनकी आंखें और त्वचा दान करने का निर्णय लिया। शनिवार को शिवा को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई।
सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले खेड़ा मुक्तिधाम के पास शिवा सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। सड़क पर पड़ी गिट्टी पर फिसलने से उन्हें गंभीर चोट आई थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी ब्रेन सर्जरी की। सात दिनों तक उपचार के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
संक्रमण के कारण सभी अंगों का दान संभव नहीं हुआ
डॉक्टरों द्वारा ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद परिवार ने पूज्य पंचायत की प्रेरणा से अंगदान की इच्छा जताई। परिजन चाहते थे कि शिवा के अंगों से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सके। हालांकि, शरीर में संक्रमण फैलने के कारण चिकित्सकीय जांच और प्रक्रिया के बाद उनकी आंखें और त्वचा ही दान की जा सकीं।
शस्त्र झुकाकर पुलिस ने दी अंतिम सलामी
बता दें, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे शिवा की पार्थिव देह खेड़ा स्थित शांति धाम पहुंची। यहां तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी सौरभ पांडेय सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शस्त्र झुकाकर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

श्रद्धांजलि देने उमड़े शहरवासी
वहीं, शिवा की अंतिम यात्रा में शहर के कई लोग शामिल हुए। सामाजिक संगठनों और समाज के लोगों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके सम्मान में बाजार भी बंद रखे गए। नम आंखों से लोगों ने शिवा को अंतिम विदाई दी। परिवार के अंगदान के फैसले ने इस दुखद घड़ी में मानवता और दूसरों के प्रति संवेदना की मिसाल पेश की।







