क्या सुरक्षित है बिसलेरी का पानी? दो लैब में जांच के बाद FSSAI ने दूसरी बार दी केस चलाने की मंजूरी
बिसलेरी के पश्चिम बंगाल स्थित जलपाईगुड़ी प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है। दो लैब की जांच में पुष्टि के बाद FSSAI ने दूसरी बार कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी।

Bisleri Water Quality News: देश की जानी-मानी पैकेज्ड वाटर कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई है। मामले को गंभीर मानते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ दूसरी बार मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। खास बात यह है कि प्राथमिक जांच के साथ रेफरल लैब की रिपोर्ट में भी बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई। इससे पहले गोवा में कंपनी के पानी के सैंपल में कैंसर से जुड़े रसायन मिलने का मामला भी सामने आया था।
दो लैब की जांच में सामने आई गड़बड़ी
सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित बिसलेरी प्लांट से लिए गए पानी के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया। शुरुआती जांच के बाद सैंपल को रेफरल लैब में भी भेजा गया था। वहां भी बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पानी की स्वच्छता को लेकर चिंता पैदा करती है। यह सीवेज के संपर्क या दूषित पाइपलाइन के जरिए पेयजल तक पहुंच सकता है। दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट सामने आने के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने की अनुमति दी।
बिसलेरी के बैच PB 201 की बिक्री पर लगाई गई रोक
बता दें, यह मामला बिसलेरी के बैच नंबर PB 201 से जुड़ा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इस बैच का सैंपल जांच के लिए लिया था। इसका उत्पादन 20 जुलाई 2026 को हुआ था, जबकि एक्सपायरी की तारीख 19 जनवरी 2027 निर्धारित थी। जांच में बैक्टीरिया की पुष्टि होने के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। यह कार्रवाई कंपनी के पूरे उत्पादन पर नहीं, बल्कि संबंधित बैच PB 201 पर की गई थी।
गोवा में भी सामने आ चुका है पानी की गुणवत्ता का मामला
हालांकि, बिसलेरी के लिए यह पहला ऐसा मामला नहीं है। इससे पहले गोवा में कंपनी के पानी के नमूनों की जांच के दौरान ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) जैसे रसायन मिलने की बात सामने आई थी। इनमें ब्रोमेट को कैंसर के संभावित जोखिम से जुड़ा रसायन माना जाता है। उस मामले में भी FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी। अब पश्चिम बंगाल के सैंपल में बैक्टीरिया मिलने के बाद कंपनी की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया पर फिर सवाल उठ रहे हैं।
देशभर में पैकेज्ड पानी के सैंपल जुटा रहा FSSAI
FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर की गुणवत्ता जांच का दायरा बढ़ाया है। देश के अलग-अलग हिस्सों से पानी के नमूने एकत्र किए जा रहे हैं। FSSAI के CEO राजित पुनहानी के मुताबिक, इस जांच अभियान के नतीजे अगले एक से दो महीने में आने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई का उद्देश्य कंपनियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है, न कि उपभोक्ताओं के बीच अनावश्यक डर पैदा करना। प्राधिकरण ने राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी जांच तेज करने और नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जांच में सहयोग की बात कही
वहीं, मामले पर बिसलेरी ने अपने उत्पाद की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भरोसा जताया है। कंपनी का कहना है कि वह FSSAI की जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेगी। कंपनी के अनुसार, उत्पादन के दौरान पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 10 चरणों में 90 से अधिक बार जांच की जाती है। बिसलेरी ने सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया है।






