Independence Day 2026: लाल किले पर पहली बार गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, PM मोदी 13वीं बार करेंगे संबोधन
Independence Day 2026: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले में पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा। PM मोदी 13वीं बार देश को संबोधित करेंगे।
Independence Day 2026: भारत आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। राजधानी दिल्ली के लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश को संबोधित करेंगे। इस बार का समारोह कई मायनों में खास है। पहली बार लाल किले की प्राचीर पर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा। कार्यक्रम में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य और युवा शक्ति की भूमिका पर भी विशेष जोर रहेगा।
पहली बार होगा ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह आयोजन राष्ट्रगीत की 150 साल पुरानी गौरवशाली परंपरा को समर्पित होगा। ध्वजारोहण के दौरान सेना का बैंड भी ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाएगा।
PM मोदी 13वीं बार करेंगे देश को संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की अगुवाई करेंगे। वह लाल किले की प्राचीर से 13वीं बार देश को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन में विकसित भारत के लक्ष्य, युवा शक्ति और देश की विकास यात्रा से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहने की संभावना है।
21 तोपों की सलामी के साथ फहरेगा तिरंगा
लाल किले की प्राचीर पर प्रधानमंत्री के ध्वजारोहण के दौरान 1721 फील्ड बैटरी की ओर से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। थल सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस के संयुक्त दल द्वारा प्रधानमंत्री को सलामी दी जाएगी। इस वर्ष भारतीय सेना को समन्वयक सेवा की जिम्मेदारी दी गई है।
MI-17 हेलीकॉप्टर करेंगे पुष्पवर्षा
ध्वजारोहण के दौरान भारतीय वायु सेना के दो MI-17 हेलीकॉप्टर लाल किले के ऊपर से पुष्पवर्षा करेंगे। इनमें एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और दूसरा ‘वंदे मातरम्’ अंकित ध्वज लेकर उड़ान भरेगा।
5000 विशेष अतिथि होंगे शामिल
स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद NCC कैडेट और ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवक भी ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे।