Nepal Flood: नेपाल बाढ़ पर पीएम मोदी ने बालेन शाह से की बात, 30 टन राहत सामग्री भेजेगा भारत; 105 भारतीय भी लापता
Nepal Flood: नेपाल की भीषण बाढ़ के बीच पीएम मोदी ने बालेन शाह से बात कर मदद का भरोसा दिया। भारत 30 टन राहत सामग्री और वायुसेना के विमान भेज रहा है।
Nepal Flood: नेपाल में चीन सीमा से सटे इलाकों में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ के चलते सैकड़ों लोग लापता हैं और कई लोगों की मौत की खबर है। इस मुश्किल घड़ी में भारत ने नेपाल की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बात कर बाढ़ से हुई जनहानि पर दुख जताया और हर संभव मानवीय सहायता का भरोसा दिया।
पीएम मोदी ने बालेन शाह से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बातचीत की है। उन्होंने बाढ़ में हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने कहा कि मुश्किल समय में भारत के लोग नेपाल के लोगों के साथ खड़े हैं। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में हर संभव सहयोग देने की बात कही।
नेपाल भेजेगा भारत 30 टन राहत सामग्री
भारत सरकार ने नेपाल में राहत सामग्री भेजने की तैयारी तेज कर दी है। जानकारी के मुताबिक करीब 30 टन राहत सामग्री नेपाल भेजी जाएगी। इसके लिए भारतीय वायुसेना के दो विमानों को तैयार किया जा रहा है। पहला विमान बुधवार को ही राहत सामग्री लेकर नेपाल के लिए रवाना होगा, जबकि दूसरा विमान गुरुवार को भेजे जाने की तैयारी है।
बाढ़ से 400 से ज्यादा लोग लापता
नेपाल-चीन सीमा से लगे रसुवा जिले में अचानक आई बाढ़ ने भारी नुकसान पहुंचाया है। अब तक 400 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 16 से ज्यादा लोगों की मौत बताई जा रही है। बाढ़ से रसुवा के अलावा धादिंग और नुवाकोट जिले भी प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों में सड़क, पुल और दूसरी जरूरी सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है।
105 भारतीय नागरिक भी लापता
नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक रसुवा में आई बाढ़ के बाद 384 यात्री लापता हैं। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल बताए गए हैं। लापता विदेशी नागरिकों में 105 भारतीय और 37 अप्रवासी भारतीय यानी NRI बताए गए हैं। इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के नागरिक भी प्रभावित हुए हैं।
नेपाल ने मांगी अंतरराष्ट्रीय मदद
भीषण बाढ़ के बाद नेपाल सरकार ने भारत और चीन समेत अन्य देशों से राहत और बचाव कार्यों में मदद की अपील की है। भारत ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए राहत सामग्री और सहायता भेजने का फैसला किया है। वायुसेना के विमानों के जरिए जरूरी सामान प्रभावित इलाकों तक पहुंचाया जाएगा।
राहत और बचाव कार्य जारी
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है। बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने के कारण प्रशासन के सामने उन्हें तलाशने और सुरक्षित निकालने की चुनौती है। भारत की ओर से भेजी जा रही राहत सामग्री से प्रभावित लोगों को जरूरी मदद मिलने की उम्मीद है।