वाराणसी में 8 दिन नहीं मिलेगा नॉनवेज, भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ पर भव्य एयर शो, बर्ड हिट का खतरा
भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित होने वाले एरियल डिस्प्ले-2026 को उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम घोषित किया है। इस आयोजन में लड़ाकू विमान और वायुसेना के दूसरे विमान आसमान में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
Nonvege Ban In Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। नमो घाट पर होने वाले इस कार्यक्रम को सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने मांस, मछली और मुर्गे की बिक्री और कटाई पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। यह प्रतिबंध 19 अक्टूबर से कार्यक्रम समाप्त होने तक नमो घाट के आसपास करीब 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में लागू रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य विमानों से पक्षियों के टकराने की आशंका को कम करना है।
भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित होने वाले एरियल डिस्प्ले-2026 को उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम घोषित किया है। इस आयोजन में लड़ाकू विमान और वायुसेना के दूसरे विमान आसमान में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
22, 23 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक नमो घाट पर मुख्य हवाई प्रदर्शन 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है। 26 अक्टूबर को वैकल्पिक दिन के रूप में रखा गया है। आयोजन के लिए वायुसेना और जिला प्रशासन मिलकर तैयारियां कर रहे हैं।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि हवाई क्षेत्र में मांस, मछली और मुर्गे की बिक्री तथा कटाई पर रोक लगाने का फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के मुताबिक एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए सफाई, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आखिर क्यों बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें?
एयर शो के दौरान आसमान में तेज गति से उड़ने वाले विमान कम ऊंचाई पर भी करतब दिखा सकते हैं। ऐसे में पक्षियों का विमान से टकराना खतरनाक हो सकता है। इसे बर्ड हिट कहा जाता है। इससे विमान को नुकसान पहुंच सकता है और पायलट के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है।
मांस और मछली के खुले कचरे की वजह से पक्षी बड़ी संख्या में एक जगह जमा हो सकते हैं। इसी खतरे को कम करने के लिए प्रशासन ने बिक्री और कटाई पर रोक लगाने की तैयारी की है। इसके साथ ही 20 से 26 अक्टूबर तक नमो घाट और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।
गंगा घाटों पर भी सुरक्षा के इंतजाम
एयर शो देखने के लिए गंगा के किनारे बड़ी भीड़ जुट सकती है। इसे देखते हुए नदी के गहरे हिस्सों की पहचान की जा रही है। खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। घाटों से नदी की ओर जाने वाले संवेदनशील रास्तों पर भी अवरोधक लगाए जाएंगे, ताकि दर्शक अनजाने में गहरे पानी तक न पहुंचें।
इसके अलावा नमो घाट और आसपास मोबाइल टॉयलेट लगाए जाएंगे। उनकी नियमित सफाई की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशासन का जोर है कि लोगों को कार्यक्रम देखने के दौरान साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी परेशानियों का सामना न करना पड़े। वाराणसी में होने वाला यह एयर शो वायुसेना की ताकत दिखाने के साथ शहर के लिए भी बड़ा आयोजन होगा। अब प्रशासन के सामने चुनौती है कि बड़ी भीड़ के बीच यातायात, सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था ठीक बनी रहे।


