नंदीग्राम में बीजेपी की बंपर जीत: उपचुनाव में 1.22 लाख वोटों से मारी बाजी, CM शुभेंदु का तोड़ा रिकॉर्ड
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। पार्टी की उम्मीदवार हसीरानी रथ ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को 1,22,753 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से हराया।

West Bengal By Election Result: बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया इतिहास रचते हुए नंदिग्राम और रजीनगर में ऐतिहासिक और रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की है। नंदिग्राम में भाजपा ने 1.22 लाख से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की है। इस जीत ने Falta (1.09 लाख) और शुभेंदु अधिकारी के 2016 के करीब 82,000 वोटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। दूसरी ओर, रजीनगर में भी भाजपा ने 72,710 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से शानदार जीत दर्ज की है।
कौन-कौन था उम्मीदवार?
बीजेपी ने इस सीट पर हसीरानी रथ को टिकट देकर मैदान में उतारा था। ममता बनर्जी ने इस सीट से किसी उम्मीदवार को नहीं उतारा था और कांग्रेस के प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन दिया था। वहीं, CPIM की ओर से शांतिगोपाल गिरि चुनाव मैदान में थे। अब हंसीरानी रथ ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को 1,22,753 वोट से हरा दिया है। आपको बता दें कि हसिरानी रथ सीएम शुभेंदु अधिकारी के पूर्व PA चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की 4 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
अब तक की सबसे बड़ी जीत
हसीरानी रथ की यह जीत 1967 के बाद से नंदीग्राम में किसी भी जीतने वाले उम्मीदवार की अब तक की सबसे बड़ी जीत का अंतर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड मौजूदा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नाम था, जिन्होंने 2016 में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर नंदीग्राम से 81,230 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दी बधाई
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में हसीरानी रथ की जीत पर बधाई दी और जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की विकास की राजनीति पर जनता के भरोसे को दिखाती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की नई बीजेपी सरकार के कामकाज को समर्थन देने के लिए जनता और जीत में योगदान देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की।

