20 की जगह 20 हजार मांगने लगा ऑटो का किराया, विरोध करने पर यात्री पर चाकू से हमला कर दिया; हालत गंभीर
आरोपियों ने जेब से 500 रुपये भी निकाल लिए। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में ऑटो किराए को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ऑटो चालक और उसके साथी ने यात्री से 20 रुपए की जगह 20 हजार रुपए मांगे। यात्री ने तय किराए से ज्यादा पैसे देने से इनकार किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू युवक की कमर में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने जेब से 500 रुपये भी निकाल लिए। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रेलवे स्टेशन जाने के लिए लिया था ऑटो
पुलिस के मुताबिक सिंगरौली जिले के ग्राम माड़ा में रहने वाले 25 वर्षीय दिलकेश शाह 9 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे जबलपुर पहुंचे थे। उन्हें यहां से पुणे जाना था। बस स्टैंड से तीन पत्ती चौक पहुंचने के बाद वह रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान ऑटो क्रमांक MP 20 ZX 8927 में सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। दिलकेश ने उनसे रेलवे स्टेशन जाने और किराए के बारे में पूछा। ऑटो चालक ने 20 रुपए किराया बताया। इसके बाद दिलकेश ऑटो में बैठ गए।
20 हजार रुपये मांगने पर हुआ विवाद
करीब 15 मिनट बाद ऑटो स्टेशन रोड पर पहुंचा। दिलकेश नीचे उतरे और चालक को तय किराए के 20 रुपए देने लगे। आरोप है कि इसी समय ऑटो चालक और उसके साथी ने उन्हें घेर लिया और 20 हजार रुपए मांगने लगे। दिलकेश ने विरोध करते हुए कहा कि किराया पहले ही 20 रुपए तय हुआ था, ऐसे में वह 20 हजार रुपए क्यों दें। इस बात पर दोनों आरोपी गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकाल लिया और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
दिलकेश ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन नाबालिग आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू कमर में लगने से वह घायल होकर गिर पड़े। दोनों आरोपियों ने उनकी जेब से 500 रुपये निकाल लिए। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर दोनों मौके से भाग गए।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, आरोपियों की तलाश शुरू
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दिलकेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 126(2), 296(बी), 309(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
दूसरे जिले से आए यात्री के साथ हुई इस घटना को पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने गंभीरता से लिया और आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए।
पहाड़ी से पकड़े गए दोनों आरोपी
टीआई शशि धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित ऑटो संभवत: शुभम बेन चलाता है। पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह शुभम बेन और उसके नाबालिग साथी को पहाड़ी इलाके से पकड़ लिया गया। शुभम बेन की उम्र 26 वर्ष है और वह मांडवा, गोरखपुर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
