Swine Flu: MP में स्वाइन फ्लू का बढ़ा खतरा, 292 में 172 पॉजिटिव; जानिए कहां सबसे ज्यादा मामले और क्या है नया डर?
Swine Flu: मध्यप्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़े हैं। इंदौर में 172 और भोपाल में कुल 57 मरीज सामने आए हैं। वायरस में बदलाव की जांच भी होगी।
Swine Flu: मध्यप्रदेश में मौसम बदलने के साथ स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने लगे हैं। इंदौर में 1 अगस्त से 10 सितंबर के बीच जांच किए गए 292 सैंपलों में से 172 एच1एन1 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं भोपाल में पिछले सात दिनों में 36 नए मरीज सामने आए हैं, जिसके बाद राजधानी में स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या 57 हो गई है। डॉक्टरों ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।
इंदौर में 172 सैंपल एच1एन1 पॉजिटिव
एमजीएम मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में निजी और सरकारी अस्पतालों से 292 सैंपल जांच के लिए पहुंचे थे। इनमें 172 में एच1एन1 की पुष्टि हुई। निजी अस्पतालों से आए 199 सैंपलों में 153 पॉजिटिव मिले, जबकि सरकारी अस्पतालों के 93 सैंपलों में 19 पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा 8 सैंपल इंफ्लुएंजा बी के मिले हैं, जिसे स्वाइन फ्लू नहीं माना जाता।
हाई रिस्क मरीजों को ज्यादा खतरा
डॉक्टरों के मुताबिक एच1एन1 मौसमी इंफ्लुएंजा का एक सबटाइप है। फिलहाल गंभीर स्थिति मुख्य रूप से हाई रिस्क मरीजों में देखी जा रही है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दमा, कैंसर या गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
भोपाल में 7 दिन में 36 नए मरीज
राजधानी भोपाल में भी स्वाइन फ्लू के मामलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है। पिछले सात दिनों में 36 नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 57 पहुंच गई है। वहीं डेंगू के मरीजों की संख्या भी बढ़कर 72 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी और निजी अस्पतालों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पुणे भेजे जाएंगे सैंपल
इंदौर से चुनिंदा सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे भेजे जा रहे हैं। इनकी जांच से यह पता लगाया जाएगा कि वायरस में किसी तरह का आनुवंशिक बदलाव तो नहीं हुआ है। डॉक्टरों ने लगातार बुखार, बढ़ती खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।


