‘मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम’: प्रशिक्षण कार्यक्रम को CM मोहन यादव ने किया संबोधित, कहा- भारत विश्व का सबसे युवा देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में CM Fellows के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
CM Fellows Training Program MP: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत चयनित CM Fellows के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 55 जिलों से चयनित युवा प्रदेश में विकास गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने के साथ उनके प्रभाव का मूल्यांकन भी करेंगे। इससे योजनाओं की कमियों की पहचान कर जरूरी सुधार करने और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने दायित्व को केवल नौकरी तक सीमित न रखते हुए प्रदेश की बेहतरी और जनसेवा के उद्देश्य से काम करने का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्लोबल विलेज फाउंडेशन और सुशासन संस्थान के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर भी किए गए।
चयनित युवा योजनाओं के क्रियान्वयन का करेंगे मूल्यांकन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के 55 जिलों से चयनित युवा नई उम्मीदों और संभावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। ये युवा विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन करेंगे।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका होती है। CM Fellows प्रशासनिक इकाइयों के साथ मिलकर योजनाओं के क्रियान्वयन और उनमें जनभागीदारी की स्थिति का बारीकी से अवलोकन करें। उनका काम जिला प्रशासन के लिए भी उपयोगी साबित होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन और नवाचार को बढ़ावा मिला है। मध्यप्रदेश भी विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार नए प्रयास कर रहा है। ऐसे में युवाओं की योग्यता और क्षमता का उपयोग प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में किया जाना चाहिए।
2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने अलग-अलग वर्षों के लिए विशेष प्राथमिकताएं तय की हैं। वर्ष 2025 को रोजगार और निवेश तथा वर्ष 2026 को किसान कल्याण के लिए समर्पित किया गया है। अब वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ष के दौरान सालभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। CM Fellows अपने दायित्वों को केवल नौकरी तक सीमित न रखें, बल्कि प्रदेश की बेहतरी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से काम करें।
अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके जीवन से राजनीति, साहित्य, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में बहुत कुछ सीखा जा सकता है। उन्होंने हर परिस्थिति में अपने दायित्वों का निर्वहन किया और लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए काम किया।
सीएम ने कहा कि अटल जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। युवाओं को उनसे प्रेरणा लेते हुए अपने कार्यों में जिम्मेदारी, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए।
आत्मविश्वास, विनम्रता और संवाद से मिलेगी सफलता
मुख्यमंत्री ने CM Fellows को सलाह दी कि वे स्वयं पर विश्वास रखें, अपने स्वभाव में विनम्रता बनाए रखें और संवाद की बेहतर शैली विकसित करें। उन्होंने कहा कि युवा जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर काम करें और जमीनी परिस्थितियों को समझते हुए अपने दायित्व निभाएं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन ‘यही समय है-सही समय है’ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को समाज और देश के प्रति अपनी भूमिका सार्थक बनाने के लिए सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने भारत की अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धियों का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता से नए लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने CM Fellows से संवाद भी किया। भोपाल की प्राची गौर ने उनसे पूछा कि मैदानी स्तर पर काम करते समय आने वाली चुनौतियों का सामना कैसे किया जाए।
इस पर मुख्यमंत्री ने समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा शांत चित्त और तनावमुक्त रहकर आम लोगों से सहज संवाद करें। साथ ही, नवाचार के लिए तत्पर रहें और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता विकसित करें।
मुख्यमंत्री ने किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव को भी महत्व देने की बात कही। उन्होंने युवाओं से कहा कि जमीनी स्तर पर काम करते समय लोगों की समस्याओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझना जरूरी है।
डाटा विश्लेषण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी
अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित ने कहा कि जीवन और कार्यक्षेत्र में प्रशिक्षण का विशेष महत्व है। CM Fellows के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की बेहतर समझ देना है।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को डाटा विश्लेषण, जिला स्तर पर प्रशासनिक संरचना और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें योजनाओं के संचालन और मैदानी स्तर की चुनौतियों से अवगत करा रहे हैं।
इस प्रशिक्षण में जनजातीय कल्याण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, कृषि एवं कृषक कल्याण तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े विषय शामिल हैं। देश के अन्य राज्यों से आए विशेषज्ञ भी अलग-अलग सत्रों में योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम में लोक सेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और प्रदेशभर से आए CM Fellows उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव का उपयोग प्रदेश के विकास, योजनाओं के प्रभावी मूल्यांकन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ आमजन तक पहुंचाने में करें।

