Global News: होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलेगा ईरान, संसद ने दी मंजूरी; सुरक्षा-इंश्योरेंस भी मिलेगा
Global News: ईरान की संसद ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लगाने को मंजूरी दी है। बदले में सुरक्षा, इंश्योरेंस और समुद्री सेवाएं देने की तैयारी है।
Global News: ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। ईरानी संसद ने समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करने वाले जहाजों से टोल या शुल्क वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बदले जहाजों को समुद्री सेवाओं के साथ सुरक्षा और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं देने की बात कही गई है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
होर्मुज से गुजरने पर देना होगा शुल्क
ईरानी मीडिया के मुताबिक, जिन देशों के जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी जाएगी, उनसे समुद्री सेवाओं के बदले शुल्क लिया जाएगा। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता हसन काशकवी ने बताया कि फीस के बदले जहाजों को जरूरी समुद्री सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ सुरक्षा और इंश्योरेंस की सुविधा भी देने की बात कही गई है।
रियाल या दूसरी करेंसी में होगा भुगतान
इस प्रस्ताव के तहत जहाजों से लिया जाने वाला शुल्क ईरानी रियाल में चुकाया जा सकेगा। इसके अलावा ईरान की पसंद की किसी दूसरी करेंसी में भी भुगतान करने का विकल्प रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, विशेष परिस्थितियों में जहाजों को ईंधन और पर्यावरण से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
अमेरिका ने कहा- ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाएंगे
ईरान के इस फैसले के बीच अमेरिका ने भी उस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने का संकेत दिया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई के आखिरी दौर में पहुंच चुका है। अमेरिका का लक्ष्य ईरान की कमाई के बड़े स्रोतों को प्रभावित करना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अमेरिकी सरकार की सभी एजेंसियों और अधिकारों का इस्तेमाल किया जाएगा।
खाड़ी देशों को ईरान की चेतावनी
ईरान ने उन खाड़ी देशों को भी चेतावनी दी है, जो अमेरिका की आर्थिक कार्रवाई में उसका साथ देते हैं। ईरान के नए राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई ने कहा कि अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर आर्थिक प्रतिबंध लगाने वाले देशों को दुश्मन माना जाएगा। इससे क्षेत्र में पहले से मौजूद तनाव और बढ़ने की आशंका है।
मक्का एग्रीमेंट पर ईरान को न्योते का दावा
ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी मेहदी रहीमी ने दावा किया है कि तेहरान को मक्का एग्रीमेंट में शामिल होने का न्योता मिला है। उनके मुताबिक, ईरान इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय या समझौते से जुड़े सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। तीनों देशों ने 7 अगस्त को आपसी रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
होर्मुज को लेकर अमेरिका-ईरान आमने-सामने
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इसे ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ तक बता चुके हैं। तनाव बढ़ने के बाद इस समुद्री मार्ग से जहाजों के आवागमन को लेकर दो अलग रास्तों की चर्चा भी सामने आई है। ईरानी रास्ता ईरान के तट और उसके द्वीपों के पास से गुजरता है, जबकि ओमानी रास्ता ओमान की ओर और ईरानी तट से दूर है। अमेरिका अपने समर्थन वाले जहाजों के लिए ओमानी रास्ते पर जोर दे रहा है।
