Pakistan Train Accident: रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतरी, 6 की मौत और 30 घायल
पाकिस्तान में रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतरी, 6 की मौत और 30 घायल। रिपोर्ट के मुताबिक, पांच साल में 537 रेल हादसे दर्ज हुए।

Pakistan Train Accident: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ। कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस शेर शाह इलाके के पास पटरी से उतर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे वाली जगह से 13 डिब्बों को हटाया जा चुका है। फिलहाल ट्रेन के पटरी से उतरने की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
सुबह करीब 5:15 बजे हुआ हादसा
सूत्रों के मुताबिक, रहमान बाबा एक्सप्रेस मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे शेर शाह इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुई। ट्रेन कराची से पेशावर की ओर जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल सक्रिय हुआ और प्रभावित डिब्बों को हटाने का काम शुरू किया गया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों की जांच अहम होगी।
PM ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में यात्रियों के घायल होने पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने और घायलों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हादसे की वजह को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
पांच साल में 537 रेल हादसे दर्ज
पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान (APP) की जून 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2019 से 2023 के बीच देश में कुल 537 रेल हादसे दर्ज किए गए। इनमें 313 घटनाओं में लोगों की मौत हुई या उन्हें गंभीर चोटें आईं।
रिपोर्ट में दिए गए सालाना आंकड़ों के मुताबिक, 2019 में 159, 2020 में 145, 2021 में 87, 2022 में 62 और 2023 में 84 रेल हादसे हुए। इन पांच वर्षों में लगभग 32 प्रतिशत दुर्घटनाएं ऐसे रेलवे क्रॉसिंग पर हुईं, जहां कर्मचारी तैनात नहीं थे।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कराची से पेशावर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत और 30 के घायल होने की खबर है। PM शहबाज शरीफ ने रेस्क्यू तेज करने के निर्देश दिए। APP की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 से 2023 के बीच पाकिस्तान में 537 रेल हादसे दर्ज हुए।





