पति की शराब छुड़ाने पहुंची महिला, तांत्रिक ने नशीला लड्डू खिलाकर किया रेप; महीनों तक करता रहा शोषण
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
.jpg&w=3840&q=75)
MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला को अपने पति की शराब छुड़ाने के लिए तांत्रिक के पास जाना बहुत बड़ी मुसीबत बन गया। तांत्रिक ने प्रसाद के नाम पर नशीला लड्डू खिलाकर महिला से दुष्कर्म किया और फिर किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी बदनाम करने की धमकी देकर महिला का कई महीनों तक शोषण करता रहा। आरोपी से तंग आकर महिला ने पुलिस से शिकायत की तो पूरे मामले में खुलासा हुआ। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कमल राठौर उर्फ पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मंदिर में हुई थी आरोपी से मुलाकात
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महिला करीब एक साल पहले अपने पति की शराब की आदत छुड़ाने के उपाय की तलाश में तलवार वाले हनुमान मंदिर पहुंची थी। वहीं उसकी मुलाकात कमल राठौर से हुई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को तांत्रिक बताया और पति की शराब छुड़ाने के लिए तंत्र-मंत्र और भभूत देने की बात कही।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी से कई बार भभूत लेती रही। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ गया। आरोप है कि बाद में आरोपी का महिला के घर भी आना-जाना शुरू हो गया।
प्रसाद बताकर दिया नशीला लड्डू
महिला के आरोप के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में आरोपी उसके घर पहुंचा। उसके पास लड्डू थे। उसने इसे प्रसाद बताते हुए महिला से कहा कि इसे खाने से उसकी परेशानियां दूर हो जाएंगी।
शिकायत में महिला ने दावा किया कि लड्डू खाने के कुछ समय बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे मामले की जानकारी किसी को देने पर बदनाम करने और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।
धमकी के कारण लंबे समय पीड़िता खामोश रही
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी की कथित धमकियों के चलते वह काफी समय तक घटना के बारे में किसी को नहीं बता सकी। महिला के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी धमकाकर उसका शोषण करता रहा। शिकायत में उसने आखिरी घटना 8 अगस्त 2026 की बताई है।
लगातार दबाव और डर के बीच महिला ने आखिरकार 6 सितंबर को अपने पति और सहेलियों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन और सहेलियां उसके साथ थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को किया गिरफ्तार
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और सोमवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जांच में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जा रही है।
