भोपाल में 365 डिग्री जिम पर CGST की रेड, संचलाक कुरैशी के 5 ठिकानों पर कार्रवाई, एक करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी
टीम ने चूनाभट्टी, कोहेफिजा, बावड़िया कलां, सिंधी कॉलोनी और जेके रोड स्थित 365 डिग्री जिम के परिसरों में कार्रवाई की है।
MP News: भोपाल में 365 डिग्री जिम पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीजीएसटी की टीम ने मंगलवार सुबह जिम संचालक कुरैशी के 5 ठिकानों पर छापेमारी की है। सीजीएसटी की ये कार्रवाई एक करोड़ से ज्यादा टैक्स की चोरी को लेकर की गई है। हालांकि टैक्स चोरी कुल कितने की है, इसको लेकर जांच के बाद ही सही पता चल सकेगा।
कुरैशी के 5 ठिकानों पर CGST का छापा
CGST की अलग-अलग टीमों ने कुरैशी के 5 ठिकानों पर छापेमारी की है। टीम ने चूनाभट्टी, कोहेफिजा, बावड़िया कलां, सिंधी कॉलोनी और जेके रोड स्थित 365 डिग्री जिम के परिसरों में कार्रवाई की है। अधिकारियों ने यहां उपलब्ध वित्तीय दस्तावेज, बिक्री और सदस्यता से जुड़े रिकॉर्ड तथा बिलिंग संबंधी जानकारी की पड़ताल की। रिपोर्ट के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सभी पांच प्रतिष्ठानों को सील किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
कस्टमर को नहीं दिए गए पक्के बिल
जांच का प्रमुख बिंदु जिम में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की वास्तविक आय और उसके अनुपात में जमा किए गए GST को लेकर है। विभाग की जांच की दौरान ये पता चला है कि जिम में कस्टमर को सर्विस देने के बाद पक्के बिल नहीं दिए गए थे। आशंका है कि इस तरह पक्की रसीद ना देकर अपने कारोबार को कम करके दिखाया गया है, जिससे कि टैक्स की चोरी की जा सके। फिलहाल विभाग दस्तावेजों और डिजिटल लेनदेन का मिलान कर रहा है। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितनी राशि पर टैक्स देनदारी बनती है और उसमें से कितना टैक्स जमा किया गया था।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी असली तस्वीर
CGST की कार्रवाई को लेकर फिलहाल विभागीय जांच जारी है। एक करोड़ रुपये से अधिक की कर अनियमितता का आंकड़ा शुरुआती जांच से जुड़ा बताया जा रहा है। इसलिए इसे अंतिम टैक्स चोरी की राशि नहीं माना जा सकता। जांच पूरी होने के बाद विभाग की ओर से वास्तविक कर देनदारी, ब्याज और संभावित कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
भोपाल में एक साथ पांच परिसरों पर हुई इस कार्रवाई से जिम और फिटनेस कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में भी GST अनुपालन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


.avif&w=3840&q=75)