भोपाल में CM हाउस घेरने निकले इंटर्न डॉक्टर्स, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग, पुलिस से हुई झड़प
सोमवार को स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर हमीदिया के इंटर्न डॉक्टर मुख्यमंत्री आवास की ओर निकले, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया जिसमें एक छात्र घायल हो गया।
Bhopal Intern Doctors Protest: भोपाल के हमीदिया अस्पताल के इंटर्न डॉक्टर्स स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने निकले हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया। इस दौरान पुलिस और इंटर्न डॉक्टर्स के बीच झड़प हो गई।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
मार्च को देखते हुए पुलिस ने हमीदिया अस्पताल के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी। अस्पताल के दो गेट बंद कर दिए गए और कई रास्तों पर बैरिकेड लगाकर पुलिस बल तैनात किया गया। डॉक्टरों ने भी इमरजेंसी वॉर्ड के पास विरोध प्रदर्शन किया। रास्ते बंद होने की वजह से मरीजों और उनके परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस पर मारपीट और लाठीचार्ज का आरोप
मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने निकले इंटर्न डॉक्टर्स को रोकने पुलिस ने वाटर कैनन चलाया। वाटर कैनन की चपेट में आने से एक छात्र घायल हुआ है। पुलिस ने डॉक्टरों को CM हाउस से महज 200 मीटर पहले रोक दिया है। प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और लाठीचार्ज किया।
स्टाइपेंड 30 हजार रुपये करने की मांग
इंटर्न डॉक्टरों को फिलहाल 14,337 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है। डॉक्टर इसे बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें स्टाइपेंड बढ़ाने का मौखिक आश्वासन दिया गया था, लेकिन करीब डेढ़ माह बीतने के बाद भी सरकार की ओर से कोई लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है। उनका कहना है कि अब उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि स्टाइपेंड बढ़ाने का आधिकारिक आदेश चाहिए।
कई इलाकों में जाम की स्थिति
इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण भोपाल के कई इलाकों में जाम की स्थिति बनी हुई है। कमला पार्क, लालघाटी, रॉयल मार्केट, पीरगेट, फिजा, जहांगीराबाद, भोपालपुरा, जिंसी, रायसेन रोड, हमीदिया रोड, पॉलिटेक्निक चौराहा, रेतघाट, मोती मस्जिद, फतेहगढ़ और शाहजहानाबाद समेत कई इलाकों में वाहन फंसे हुए हैं।
ट्रैफिक को जिस तरह अलग-अलग रास्तों पर डायवर्ट किया गया है, उसके कारण जाम का असर आसपास के कई मार्गों पर भी पड़ा है। जाम में एंबुलेंस के साथ हैवी व्हीकल भी फंसे हुए हैं। इनमें मुख्य रूप से बसें शामिल हैं। इससे आम वाहन चालकों के साथ मरीजों और सार्वजनिक परिवहन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रैफिक खुलवाया गया- कलेक्टर
भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया- इंटर्न डॉक्टर्स से हमारी बातचीत हो रही है। फिलहाल अभी ट्रैफिक खुलवाया गया है। लोग आवाजाही कर पा रहे हैं।
डॉक्टर बोले- हमारी लड़ाई जनता से नहीं
प्रदर्शन में शामिल डॉक्टर कृष कुमार गुप्ता ने बताया- कलेक्टर साहब प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों से बातचीत करने आए थे। उन्होंने ट्रैफिक खोलने और सड़क खाली करने की बात कही, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। डॉ. कृष कुमार गुप्ता ने कहा कि “हमारी लड़ाई जनता से नहीं है और न ही हम जनता को परेशान करना चाहते हैं। हम अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़क पर उतरे हैं।”
OPD और ऑपरेशन सेवाएं बंद करने का ऐलान
भोपाल में इंटर्न डॉक्टरों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन और लाठीचार्ज की कार्रवाई में छात्र डॉक्टरों के घायल होने के बाद JDA ने उनके समर्थन में खड़े होने का ऐलान किया है। JDA ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग की कड़ी निंदा की है।
JDA के नोटिस के मुताबिक, इंटर्न डॉक्टरों की मांगों के समर्थन और कार्रवाई के विरोध में कल से नियमित OPD और वैकल्पिक ऑपरेशन सेवाएं अगले आदेश तक बंद रहेंगी। हालांकि, मरीजों के हित में इमरजेंसी और गंभीर मरीजों की सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी।
.avif)