सागर शराब कांड के बाद प्रशासन अलर्ट! पूरे प्रदेश में विशेष अभियान शुरू करने निर्देश
सागर के बंडा में जहरीली शराब कांड के बाद मध्यप्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। आबकारी विभाग ने प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
Sagar Liquor Case: सागर शराब कांड के बाद आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने सभी सहायक आबकारी आयुक्तों और जिला आबकारी अधिकारियों को विशेष अभियान को गंभीरता और परिणाममूलक तरीके से चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही गई है। अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर
अभियान के दौरान जिलों में संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां लगातार निगरानी की जाएगी। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध शराब निर्माण की आशंका वाले स्थानों पर दबिश दी जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की जांच कर अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंसी दुकानों पर भी होगी कार्रवाई
विशेष अभियान केवल अवैध शराब के कारोबार तक सीमित नहीं रहेगा। लाइसेंसी शराब दुकानों और उनसे जुड़े परिसरों में भी यदि गंभीर अनियमितता पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। विभाग को शराब के निर्माण से लेकर उसके भंडारण, बिक्री और परिवहन तक पूरी श्रृंखला पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
आबकारी आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई के आंकड़े बढ़ाना नहीं है, बल्कि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
रोज भेजनी होगी प्रगति रिपोर्ट
सभी जिलों से अभियान की प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट राज्य स्तरीय उड़नदस्ता को भेजना अनिवार्य किया गया है। इससे प्रदेशभर में चल रही कार्रवाई की नियमित निगरानी की जाएगी।
लापरवाही पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
विभाग ने साफ किया है कि किसी सूचना के मिलने के बाद समय पर कार्रवाई नहीं करने या गंभीर मामलों की अनदेखी करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।
पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जरूरत पड़ने पर आबकारी विभाग पुलिस के साथ संयुक्त अभियान भी चलाएगा। संवेदनशील इलाकों में संयुक्त कार्रवाई के जरिए अवैध शराब के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी है।


.avif&w=3840&q=75)