BRICS Summit: भारत आ सकते हैं जिनपिंग, 7 साल बाद दिल्ली दौरे की तैयारी; मोदी से होगी अहम मुलाकात
BRICS Summit: BRICS सम्मेलन में शी जिनपिंग के भारत आने की संभावना है। मोदी-जिनपिंग मुलाकात में सीमा विवाद, व्यापार और द्विपक्षीय रिश्तों पर चर्चा हो सकती है।

BRICS Summit: भारत में 12-13 सितंबर को 18वां BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शामिल होने की पुष्टि है, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत आने की तैयारियां चल रही हैं। हालांकि, चीन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगर जिनपिंग भारत आते हैं तो करीब सात साल बाद उनका भारत दौरा होगा।
जिनपिंग के दौरे की तैयारियां तेज
जिनपिंग इससे पहले अक्टूबर 2019 में भारत आए थे। इस बार BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जिनपिंग की संभावित मुलाकात पर भी नजर रहेगी। दोनों देशों की एडवांस टीमें तैयारियों को लेकर सक्रिय बताई जा रही हैं।
सीमा विवाद पर होगी अहम बातचीत
जिनपिंग के संभावित दौरे में LAC और सीमा विवाद सबसे अहम मुद्दा हो सकता है। दोनों देश सीमा पर शांति बनाए रखने और सैन्य तनाव कम करने के उपायों पर चर्चा कर सकते हैं। संभावित यात्रा से पहले NSA अजीत डोभाल की चीन यात्रा और विशेष प्रतिनिधि स्तर की बातचीत भी अहम मानी जा रही है।
व्यापार और सप्लाई चेन भी एजेंडे में
भारत-चीन बातचीत में व्यापार घाटा, रेयर अर्थ मैगनेट और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की सप्लाई जैसे मुद्दे भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा सीमा व्यापार और वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने पर भी चर्चा की संभावना है।
BRICS में मोदी-पुतिन-जिनपिंग की मुलाकात पर नजर
भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन में आर्थिक सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक, आतंकवाद और सप्लाई चेन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। ऐसे में मोदी-जिनपिंग की संभावित बैठक भारत-चीन रिश्तों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।