MP में AK-47 से लैस बदमाशों ने नशा तस्कर को छुड़ाया, 3 गाड़ियों से आकर फिल्मी स्टाइल में पुलिस टीम पर फायरिंग की
3 गाड़ियों में आए बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च स्प्रे डाल दिया। इससे पहले कि पुलिस कुछ समझ पाती, बदमाश आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए।
MP News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में मंगलवार को AK-47 से लैस हथियारबंद बदमाशों ने नशा तस्करी के आरोपी को फिल्मी अंदाज में छुड़ा लिया। घटना रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी की है। ओडिशा पुलिस ओडिशा में दर्ज NDPS एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा कोर्ट में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। तभी 3 गाड़ियों में आए बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च स्प्रे डाल दिया। इससे पहले कि पुलिस कुछ समझ पाती, बदमाश आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए।
पहले से घात लगाकर बैठे थे हमलावर
जानकारी के मुताबिक ओडिशा पुलिस की टीम जैसे ही रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी से गुजर रही थी, तभी बदमाशों ने पुलिस वाहन का रास्ता रोक लिया। कुछ हमलावरों ने आगे और पीछे से वाहन को घेर लिया। इसके बाद पुलिस वाहन पर कई राउंड फायरिंग की गई।
हमलावरों ने पुलिस वाहन पर बेसबॉल बैट से भी हमला किया। इससे वाहन के शीशे टूट गए। एक गोली वाहन के टायर में लगने की भी जानकारी सामने आई है, जिसके बाद टायर फट गया। बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च स्प्रे भी डाल दिया।
अचानक हुए हमले से 8 पुलिसकर्मियों की टीम संभल नहीं पाई
ओडिशा पुलिस की टीम में कुल आठ पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिसकर्मियों के पास हथियार भी थे, लेकिन अचानक हुए हमले के दौरान बदमाश आरोपी आदित्य मिश्रा को अपने कब्जे से छुड़ाने में सफल हो गए। हमलावर आरोपी को लेकर मैहर की तरफ भागे बताए जा रहे हैं। अभी तक किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
सीधी पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही सीधी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद आसपास के थानों से पुलिस बल को रवाना किया गया।
हमलावरों की तलाश के लिए सीधी और रीवा जिले में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। दोनों जिलों में कुल 16 पुलिस दल तलाश अभियान में लगाए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस छुहिया घाटी और आसपास के इलाकों में वाहनों की जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
दूसरे राज्य की पुलिस पर हमले के बाद अलर्ट
फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस NDPS मामले के आरोपी आदित्य मिश्रा और उसे छुड़ाकर ले जाने वाले लोगों तक पहुंचना है। पुलिस हमलावरों के इस्तेमाल किए गए वाहनों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद सीधी-रीवा क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए ले जा रही थी और इसी दौरान मध्य प्रदेश की सीमा में उस पर हमला कर आरोपी को छुड़ा लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों को आरोपी की आवाजाही की जानकारी कैसे मिली और पूरी वारदात की योजना किसने बनाई थी।
.jpg&w=3840&q=75)

