Indore EOW Raid: करोड़पति निकला MY अस्पताल का फार्मासिस्ट, EOW छापे में आय से 108% ज्यादा संपत्ति का खुलासा
Indore EOW Raid: इंदौर में EOW ने MY अस्पताल के फार्मासिस्ट राकेश गोरखे पर छापा मारकर आय से 108% अधिक संपत्ति, कई प्लॉट और बिना अनुमति थाईलैंड यात्रा के दस्तावेज मिलने का दावा किया।

Indore EOW Raid: इंदौर के एमवाय अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकानों पर EOW ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की। शुरुआती जांच में वैध आय से 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति, कई प्लॉट, मकान और बिना अनुमति विदेश यात्रा के दस्तावेज सामने आए हैं।
108% अधिक संपत्ति मिलने का दावा
EOW के अनुसार राकेश गोरखे और उनकी पत्नी की जांच अवधि में कुल वैध आय 1.11 करोड़ रुपए रही, जबकि उनके पास 2.13 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति मिली। जांच एजेंसी का दावा है कि यह वैध आय से करीब 108 प्रतिशत अधिक है।
छह संपत्तियां और लाखों की निवेश राशि
छापेमारी में इंदौर के अलग-अलग इलाकों में दो मंजिला मकान और कई प्लॉट के दस्तावेज मिले। इनमें स्कीम नंबर-140, साकार एनआरआई सिटी, साहिल इंद्रांचल होम्स, संघवी रेजीडेंसी और सद्गुरु नंदी विहार की संपत्तियां शामिल हैं। ओमेक्स डेवलपर्स में प्लॉट बुकिंग के लिए 6.70 लाख रुपए का भुगतान भी सामने आया।
पासपोर्ट से खुला थाईलैंड दौरे का राज
तलाशी के दौरान जब्त पासपोर्ट से पता चला कि राकेश गोरखे अक्टूबर 2023 में बिना विभागीय अनुमति थाईलैंड गए थे। EOW अब इस विदेश यात्रा पर हुए खर्च का भी आकलन कर रही है और उसे जांच में शामिल करेगी। कार्रवाई के दौरान नकदी, बैंक दस्तावेज, पासबुक और अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए गए।
पहले भी विवादों में रह चुके हैं
राकेश गोरखे की नियुक्ति वर्ष 2007 में फार्मासिस्ट के पद पर हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने कई संपत्तियों की जानकारी विभाग को नहीं दी थी। इससे पहले भी वह एमवाय अस्पताल में तत्कालीन डीन के पीए के साथ मारपीट के विवाद को लेकर चर्चा में रहे थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
