MP Politics: दतिया हार के बाद पहली बार मिले नरोत्तम-आशुतोष, सोशल मीडिया पोस्ट से दिया बड़ा संदेश
MP Politics: दतिया उपचुनाव के बाद नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी की मुलाकात हुई। मिश्रा ने मतभेद की खबरों को खारिज कर एकजुटता का संदेश दिया।

MP Politics: दतिया उपचुनाव के नतीजों के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी की मुलाकात ने सियासी चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया। मुलाकात के बाद डॉ. मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दोनों नेताओं के बीच मतभेद की अटकलों को सिरे से खारिज किया और कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की।
बंगले पर हुई दोनों नेताओं की मुलाकात
दतिया उपचुनाव में हार के बाद आशुतोष तिवारी ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा के बंगले पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाएं तेज हो गई थीं।
नरोत्तम बोले- अफवाहों पर न दें ध्यान
मुलाकात के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर कहा कि उनके और आशुतोष तिवारी को लेकर फैलाई जा रही सभी बातें पूरी तरह भ्रामक और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि आशुतोष उनके अनुज हैं और उनके प्रति हमेशा स्नेह और आत्मीयता रही है, जो आगे भी बनी रहेगी।
कटुता से किया इनकार
डॉ. मिश्रा ने साफ कहा कि उनके और आशुतोष तिवारी के बीच न पहले कभी कोई कटुता थी और न आज है। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात हमेशा की तरह आत्मीयता और गर्मजोशी के माहौल में हुई। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव परिणाम के बाद आशुतोष तिवारी ने किसी भी व्यक्ति का नाम लेकर नाराज़गी व्यक्त नहीं की।
कार्यकर्ताओं से की खास अपील
डॉ. मिश्रा ने अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कोई ऐसी टिप्पणी या व्यवहार न करें जिससे पार्टी, संगठन या आशुतोष तिवारी को किसी तरह का नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता, अनुशासन और संस्कार हैं। राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन रिश्ते और संगठन हमेशा सर्वोपरि रहते हैं।