Indore Airport: अबूधाबी फ्लाइट से आया 2 करोड़ का सोना! इंदौर एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई, जानिए पूरा मामला
Indore Airport: इंदौर एयरपोर्ट पर अबूधाबी से आए यात्री के पास से करीब एक किलो, 2 करोड़ रुपये का सोना बरामद हुआ। डीआरआई और कस्टम पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रहे हैं।

Indore Airport: इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की संयुक्त कार्रवाई में अबूधाबी से आए एक यात्री के पास से करीब एक किलो सोना बरामद किया गया है। जब्त सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले की जांच जारी है और एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।
खुफिया सूचना के बाद एयरपोर्ट पर बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, अबूधाबी से इंदौर पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से आए एक यात्री पर जांच एजेंसियों की पहले से नजर थी। खुफिया सूचना मिलने के बाद कस्टम और डीआरआई की टीम ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी। जांच के दौरान यात्री के पास से करीब एक किलो सोना बरामद किया गया, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
एयरलाइन कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां इस मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस के कुछ कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी कर्मचारी की गिरफ्तारी या संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का मानना है कि तकनीकी और दस्तावेजी जांच पूरी होने के बाद कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं तार
डीआरआई और कस्टम अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि बरामद सोना किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है। जांच में यात्री की यात्रा, संपर्कों और सोने की सप्लाई चेन की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
तड़के 3 बजे हुई कार्रवाई, हाल ही में शुरू हुई है फ्लाइट
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई सोमवार तड़के करीब 3 बजे की गई, जब अबूधाबी से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट इंदौर एयरपोर्ट पर उतरी। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ही मुख्यमंत्री ने इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा का शुभारंभ किया था। ऐसे में पहली बार इस रूट पर इतनी बड़ी सोना तस्करी की कार्रवाई सामने आने से मामला चर्चा का विषय बन गया है।
