दिव्यांगों के लिए 20 हजार पदों पर भर्ती, इंटरव्यू नहीं मेरिट से होगा चयन; जानिए पूरी डिटेल
MP में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए करीब 20 हजार खाली सरकारी पद भरने की तैयारी है। विशेष भर्ती अभियान 9 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। चयन इंटरव्यू के अलग अंक दिए बिना मेरिट से होगा। जानिए भर्ती की प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच और आवेदन से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

MP Government Jobs: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित करीब 20 हजार खाली पदों को भरने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 9 अक्टूबर से शुरू होकर 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू के अलग से अंक नहीं जुड़ेंगे, बल्कि संबंधित पद के भर्ती नियमों और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।
प्रदेश में 20 हजार पद खाली
सरकारी सर्वे के अनुसार, मध्य प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए करीब 36 हजार पद आरक्षित हैं। इनमें से लगभग 16 हजार पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि करीब 20 हजार पद अभी भी खाली हैं। इन रिक्तियों को भरने के लिए संबंधित विभाग अपनी जरूरत और निर्धारित भर्ती नियमों के अनुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे। आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. अजय खेमरिया के मुताबिक, दिव्यांगजनों के लिए विशेष भर्ती अभियान शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब सरकार की ओर से इस संबंध में मार्गदर्शी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मेरिट के आधार पर चयन
जानकारी के अनुसार, भर्ती में साक्षात्कार के लिए अलग से अंक देने की जरूरत नहीं होगी। अभ्यर्थियों की मेरिट संबंधित पद के भर्ती नियमों, शैक्षणिक योग्यता और अन्य निर्धारित पात्रताओं के आधार पर बनाई जाएगी। इस प्रक्रिया में उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की योग्यता और दिव्यांगता की निर्धारित श्रेणी की जानकारी ध्यान से देखनी होगी। केवल निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ही आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
इन चरणों में होगी पूरी प्रक्रिया
मध्य प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित सरकारी पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया जा रहा है। भर्ती में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को विभाग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार आवेदन करना होगा। चयन प्रक्रिया को कई चरणों में पूरा किया जाएगा-
चरण 1: भर्ती का विज्ञापन जारी होगा
संबंधित विभाग कम से कम दो दैनिक समाचार पत्रों में भर्ती का विज्ञापन प्रकाशित कराएगा। इसके साथ ही विज्ञापन विभागीय वेबसाइट और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें पदों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता की निर्धारित श्रेणी और भर्ती की तारीख से जुड़ी जानकारी होगी।
चरण 2: आवेदन के लिए मिलेगा पर्याप्त समय
विज्ञापन जारी होने के कम से कम 30 दिन बाद ही भर्ती अभियान की तारीख तय की जाएगी। अभ्यर्थियों को इसी अवधि में विज्ञापन में दिए गए निर्देशों के अनुसार आवेदन करना होगा। आवेदन का तरीका और जरूरी शर्तें संबंधित विभाग के विज्ञापन में बताई जाएंगी।
चरण 3: दस्तावेजों और पात्रता की जांच
आवेदन प्राप्त होने के बाद विभाग अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच करेगा। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले उम्मीदवारों को पात्र माना जाएगा, जबकि नियमों के अनुरूप पात्रता पूरी नहीं करने वालों को अपात्र सूची में शामिल किया जाएगा।
चरण 4: अपात्र उम्मीदवारों को मिलेगा आपत्ति का मौका
जांच के बाद पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की अलग-अलग सूची तैयार की जाएगी। अपात्र उम्मीदवारों की सूची संबंधित विभाग की वेबसाइट पर जारी होगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को 15 दिन तक दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा।
चरण 5: मेरिट के आधार पर तैयार होगी सूची
चयन संबंधित पद के भर्ती नियमों, शैक्षणिक योग्यता और अन्य निर्धारित पात्रताओं के आधार पर तैयार मेरिट सूची से होगा। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू के लिए अलग से अंक नहीं दिए जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को संबंधित पद की योग्यता और भर्ती नियमों को ध्यान से पढ़ना होगा।
चरण 6: मूल दस्तावेजों का सत्यापन
मेरिट के आधार पर विज्ञापित पदों की संख्या के अधिकतम दो गुना उम्मीदवारों को मूल दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया जा सकेगा। इस चरण में अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण-पत्र और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
चरण 7: चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया
दस्तावेजों के सत्यापन और निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति संबंधी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी उम्मीदवार का चयन एक से अधिक विभागों में होता है, तो वह किसी एक विभाग में कार्यभार ग्रहण करने का विकल्प चुन सकेगा। इसके कारण खाली होने वाले पद पर प्रतीक्षा सूची से चयन किया जा सकेगा।
विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता की श्रेणी, पदों की संख्या, आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तारीख की जानकारी ध्यान से जांचें। फिलहाल करीब 20 हजार रिक्त पदों को भरने के लिए अभियान शुरू किया गया है, जबकि पदवार भर्ती विवरण संबंधित विभागों के विज्ञापनों से स्पष्ट होगा।
.jpg&w=3840&q=75)


.avif&w=3840&q=75)