लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी! कल CM यादव योजना की 40वीं किस्त जारी करेंगे; ऐसे करें चेक
अगर किसी महिला के खाते में पिछली किस्तें आती रही हैं, फिर भी इस बार भुगतान को लेकर आशंका है, तो बैंक में जाकर आधार लिंक और DBT की स्थिति की पुष्टि की जा सकती है। इससे भुगतान के समय बैंकिंग स्तर पर आने वाली परेशानी को पहले ही दूर किया जा सकता है।
MP News: मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए खुशखबरी है। लाड़ली बहना योजना की राशि का इंतजार कर रही महिलाओं का इंतजार खत्म होने वाला है। कल यानी 13 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव योजना की 40वीं किस्त जारी करेंगे। आगर मालवा से प्रदेश की लगभग एक करोड़ 25 लाख महिलाओं को राशि जारी की जाएगी। 1500 की राशि लाभार्थियों के सीधे खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
हर महीने ₹1500 की आर्थिक मदद
लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को वर्तमान में ₹1500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि लाभार्थी महिला के स्वयं के आधार-लिंक्ड और DBT-enabled बैंक खाते में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, स्वास्थ्य और पोषण में सुधार तथा परिवार में उनकी भूमिका को मजबूत करना है।योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर वर्तमान में 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को पात्र आवेदक के रूप में दर्ज किया गया है।
किस्त पाने से पहले बैंक खाते की स्थिति जरूर देखें
सरकार के आधिकारिक पोर्टल के मुताबिक महिला का खुद के नाम पर बैंक खाता होना जरूरी है। संयुक्त बैंक खाता योजना के लिए मान्य नहीं है। इसके अलावा खाते में आधार लिंक होना और DBT सक्रिय रहना भी आवश्यक है। अगर किसी महिला के खाते में पिछली किस्तें आती रही हैं, फिर भी इस बार भुगतान को लेकर आशंका है, तो बैंक में जाकर आधार लिंक और DBT की स्थिति की पुष्टि की जा सकती है। इससे भुगतान के समय बैंकिंग स्तर पर आने वाली परेशानी को पहले ही दूर किया जा सकता है।
ऐसे चेक करें आधार-DBT की स्थिति
लाड़ली बहना योजना की किस्त जानने के लिए आप नीचे दिए गए कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करके जानकारी ले सकते हैं।
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं।
- होम पेज पर 'आवेदन एवं भुगतान की स्थिति' (Application & Payment Status) पर क्लिक करें।
- बॉक्स में लाडली बहना आवेदन नंबर या समग्र सदस्य आईडी (9 अंकों की) दर्ज करें।
- अब कैप्चा कोड भरें और 'ओटीपी भेजें' (Send OTP) पर क्लिक करें।
- आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा।
- ओटीपी एंटर करते ही आपके खाते में भेजी गई किस्त की जानकारी सामने आ जाएगी।
e-KYC भी है जरूरी
योजना की आधिकारिक जानकारी में आधार-समग्र e-KYC को आवेदन की आवश्यक प्रक्रिया बताया गया है। e-KYC के जरिए समग्र में दर्ज जानकारी का आधार से मिलान किया जाता है। पोर्टल के मुताबिक OTP या बायोमेट्रिक माध्यम से यह सत्यापन किया जा सकता है।
इसलिए लाभार्थी महिलाओं को सलाह है कि किस्त की तारीख का इंतजार करने के साथ अपने e-KYC, आधार लिंक बैंक खाता और DBT की स्थिति भी जांच लें। साथ ही किसी अनजान लिंक या व्यक्ति को OTP, बैंक डिटेल या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।
