ग्वालियर में साइबर ठगी का खेल! 24 घंटे में तीन लोग बने शिकार, कैसे उड़े ₹2.60 लाख ?
ग्वालियर में साइबर अपराधियों ने 24 घंटे के अंदर तीन लोगों को निशाना बनाकर उनके खातों से कुल 2.60 लाख रुपए की रकम निकाली।

Gwalior Cyber Fraud: ग्वालियर में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में साइबर अपराधियों ने तीन लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपना निशाना बनाया। कहीं अनजान लिंक पर क्लिक कराना भारी पड़ा, तो कहीं मोबाइल हैक होने के बाद खाते से रकम गायब हो गई। एक मामले में बैंक कर्मचारी बनकर OTP हासिल किया गया। तीनों मामलों में पीड़ितों के खातों से कुल ₹2.60 लाख से ज्यादा की रकम निकाली गई है।
खातों से पैसे निकलने के मैसेज मिलने के बाद पीड़ितों को ठगी का पता चला। नेशनल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत मिलने के बाद ग्वालियर, महाराजपुरा और बहोड़ापुर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लिंक पर क्लिक करते ही ₹1.50 लाख गायब
पहला मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोलंदाज मोहल्ले का है। यहां रहने वाले 37 वर्षीय जावेद खान पुत्र अनवर खान 5 सितंबर को मोबाइल पर इंटरनेट चला रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान आईडी से लिंक का मैसेज आया। मैसेज देखने के लिए जावेद ने लिंक पर क्लिक किया। इसके बाद कुछ समय के लिए उनका मोबाइल अपने आप ऑटो अपडेट मोड में चला गया। कुछ देर बाद फोन दोबारा चालू किया तो वह सामान्य तरीके से काम कर रहा था।
अगले दिन जब जावेद ने ट्रांजेक्शन करने की कोशिश की, तब उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते से ₹1.50 लाख निकाले जा चुके हैं। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल हैक कर उड़ाए ₹78.50 हजार
दूसरा मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आरजेपुरम इलाके का है। यहां रहने वाले महेंद्र सिंह भदौरिया के साथ साइबर ठगी हुई। शिकायत के मुताबिक, मोबाइल इस्तेमाल करते समय उनका फोन अचानक हैंग हो गया। कुछ देर बाद फोन दोबारा चालू किया गया तो वह सामान्य दिखाई दिया। दो दिन बाद मोबाइल पर 78,500 रुपए निकलने का मैसेज आया। इसके बाद उन्होंने तत्काल मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर की।
KYC के नाम पर ठगी
तीसरी घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के जिरैना गांव की है। यहां निवासी त्रिलोक माहौर पुत्र कमल माहौर को साइबर ठगों ने झांसे में लिया। दो दिन पहले एक युवक ने उन्हें कॉल कर खुद को बैंक कर्मचारी बताया। उसने KYC के नाम पर त्रिलोक से OTP पूछा। OTP हासिल करने के बाद उनके बैंक खाते से 31,000 रुपए से अधिक की रकम ट्रांसफर कर ली गई।
ठगी का पता चलने के बाद त्रिलोक ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सोमवार को बहोड़ापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
डीएसपी साइबर मनीष यादव ने बताया कि तीनों मामलों की साइबर एक्सपर्ट टीम जांच कर रही है। पुलिस ठगी के तरीकों और लेन-देन से जुड़े सुरागों की जांच कर रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक, मैसेज या फाइल पर क्लिक न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ बैंकिंग OTP, PIN या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। बैंक कर्मचारी बनकर फोन करने वाले लोगों से भी सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

