जातिवाद नहीं, राष्ट्रवाद का संदेश; सनातन एकता यात्रा में 7 संकल्प, JCB से हुई पुष्पवर्षा
पन्ना में हनुमान चालीसा पाठ और सात संकल्पों के साथ बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की 'सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0' का दूसरा दिन शुरू हुआ।

Sanatan Hindu Unity Rath Yatra 3.0: छतरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 3.0 ‘सनातन हिंदू एकता रथयात्रा’ का आज दूसरा दिन है। पन्ना स्थित रघुलीला पैलेस में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, राष्ट्रगान और बच्चों को शपथ दिलाने के साथ शुरू हुई। यात्रा में आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। जगह-जगह स्वागत, नारों और फूलों की वर्षा के बीच शास्त्री ने सामाजिक एकता, नशामुक्ति और राष्ट्रवाद पर जोर दिया।
सात संकल्पों के साथ आगे बढ़ी यात्रा
जानकारी के अनुसार, पन्ना में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को सात वचनों की शपथ दिलाई गई। शास्त्री ने लोगों से जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी एकता मजबूत करने और नशे से दूर रहने की अपील की। इस यात्रा में अयोध्या के राजू दास महाराज, मलूकपीठ के गंगा दास महाराज, हरिद्वार के मोनी महाराज और चित्रकूट के राधेश्याम महाराज भी शामिल हैं।
गांवों से शहर तक स्वागत,
यात्रा द्वारी, तारा और अन्य पड़ावों से गुजरी तो ग्रामीणों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वागत किया। कई जगह लोगों ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया और ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ जैसे नारे लगाए। अमानगंज में यात्रा के स्वागत की तैयारियां की गईं। सतना बैरियर और पन्ना के डायमंड चौराहे पर भी श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर शास्त्री का अभिनंदन किया। डायमंड चौराहे पर JCB के जरिए पुष्पवर्षा की गई। बादशाह साई चौराहे पर श्रद्धालुओं ने उन्हें भगवान श्री जुगल किशोर जी का चित्र भेंट किया।
तारा गांव के पास लगा जाम
वहीं, यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने का असर यातायात पर भी पड़ा। तारा गांव से पहले जाम की स्थिति बन गई, जिसमें कई ट्रक और यात्री बसें फंस गईं। यात्रा के आगे बढ़ने के दौरान श्रद्धालु नाचते-गाते और जय श्रीराम के नारे लगाते नजर आए।
‘जातिवाद नहीं, राष्ट्रवाद चाहिए’
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश में जातिवाद के बजाय राष्ट्रवाद को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने सनातन समाज में एकता और सामाजिक सद्भाव पर जोर देते हुए कहा कि समाज की मजबूती के लिए लोगों को आपसी मतभेद कम करने होंगे। साथ ही उन्होंने नशामुक्ति को भी यात्रा के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल बताया। शास्त्री के अनुसार, बुंदेलखंड में सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना इस अभियान का अहम हिस्सा है।
पांच जिलों से गुजरेगी 500 किलोमीटर की यात्रा
आयोजकों के मुताबिक, यह जनजागृति यात्रा पांच दिनों में पांच जिलों से होकर करीब 500 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा रविवार सुबह बागेश्वर धाम से शुरू हुई थी। इसके आगे बालाजी का रथ, फिर धीरेंद्र शास्त्री का रथ और पीछे समर्थकों के वाहन चल रहे हैं। पन्ना में यात्रा के दौरान पूर्व मंत्री और विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, BJP जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा समेत कई लोग भी मौजूद रहे। हालांकि, यात्रा के दौरान संत राजू दास महाराज ने पंडोखर सरकार से यात्रा का विरोध न करने की अपील की।
धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा
धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता यात्रा के दूसरे दिन पन्ना में श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। शास्त्री ने राष्ट्रवाद, सामाजिक एकता और नशामुक्ति पर जोर दिया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा के दूसरे दिन पन्ना और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। सामूहिक हनुमान चालीसा, राष्ट्रगान और सात संकल्पों के साथ यात्रा आगे बढ़ी। शास्त्री ने जातिवाद के बजाय राष्ट्रवाद, सामाजिक एकता और नशामुक्ति का संदेश दिया।





