उज्जैन में चारों पीठों के शंकराचार्यों का होगा स्थायी ठिकाना, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के ग्राम ढेंढिया में श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ के प्राण-प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक महोत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने चारों शंकराचार्यों के स्थायी स्थान उज्जैन में विकसित करने की सरकार की योजना भी बताई।
MP News: धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी उज्जैन को नई पहचान देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को ग्राम ढेंढिया में नवनिर्मित श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ के प्राण-प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक महोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि देश के चारों शंकराचार्यों के स्थायी स्थान उज्जैन में विकसित किए जाएं, जिससे यह नगरी आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सके।
श्रृंगेरी मठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान
बता दें, ग्राम ढेंढिया स्थित श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने मां शारदा, मां अंबा, भगवान शिव, गणेश जी, कार्तिक स्वामी, हनुमान जी और नवग्रह देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। इस आयोजन में कर्नाटक के श्रृंगेरी मठ से आए विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक परंपराओं के अनुसार प्राण-प्रतिष्ठा और पूजन की प्रक्रिया संपन्न कराई। मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज का अंगवस्त्र और फल की टोकरी भेंट कर सम्मान भी किया।
उज्जैन में चारों शंकराचार्यों के स्थायी ठिकाने बनाने की योजना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज का आगमन शहर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य ने देशभर में सनातन धर्म की परंपराओं को मजबूत करने और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सरकार चाहती है कि चारों पीठों के शंकराचार्यों के उज्जैन में अपने स्थायी स्थान हों। इससे उनके प्रवास और धार्मिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि एक शंकराचार्य का स्थान उज्जैन में स्थापित हो चुका है, जबकि द्वारका पीठ के शंकराचार्य ने भी यहां स्थान विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके लिए निर्माण कार्य जारी है। सरकार बाकी पीठों के लिए भी इसी तरह की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
आध्यात्मिक नगरी के रूप में मजबूत होगी उज्जैन की पहचान
साथ ही सीएम मोहन यादव ने बताया कि उज्जैन को वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शंकराचार्यों और अन्य आध्यात्मिक महापुरुषों की मौजूदगी से शहर की धार्मिक विरासत को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ये आध्यात्मिक केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इन स्थानों के विकसित होने से धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ श्रद्धालुओं को भी सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का लक्ष्य सिंहस्थ के आयोजन के साथ-साथ उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को लंबे समय तक सहेजना है, ताकि यह नगरी आने वाले वर्षों में भी आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस प्राण-प्रतिष्ठा एवं कुंभाभिषेक महोत्सव में सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, संजय अग्रवाल, विवेक गुप्ता, संभाग आयुक्त आशीष सिंह और एडीजी राकेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।