Bhopal News: ISKCON पटेल नगर में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, लगभग 1 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
Bhopal News: भोपाल के पटेल नगर स्थित ISKCON मंदिर में 4 सितंबर 2026 को भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव होगा।
Bhopal News: भोपाल के पटेल नगर स्थित इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार 4 सितम्बर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव अत्यंत भव्यता, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव में लगभग 1 लाख श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा दर्शन, प्रसाद, सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश-निकास एवं भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
श्री श्री गौर राधा वल्लभ जी का भव्य श्रृंगार
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री श्री गौर राधा वल्लभ जी के विशेष दर्शन एवं भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण होंगे। इस विशेष अवसर के लिए वृंदावन एवं जयपुर से लगभग ₹5 लाख मूल्य की विशेष पोशाकें तैयार कराई गई हैं।
जैसलमेर की पारंपरिक थीम पर सजेगा मंदिर
इस वर्ष पूरे मंदिर परिसर को जैसलमेर की पारंपरिक थीम पर विशेष रूप से सजाया जाएगा। मंदिर की पुष्प सजावट पर लगभग ₹1.5 से ₹2 लाख खर्च होने का अनुमान है। सजावट में मुख्य रूप से ऑर्किड, कार्नेशन और गुलाब के फूलों का उपयोग किया जाएगा। विशेष ऑर्किड फूल थाईलैंड से मंगाए जा रहे हैं।
वल्लभ कुंज की पुष्प वाटिका से मंदिर पहुंचेंगे फूल
इस भव्य पुष्प सजावट की एक विशेषता ISKCON पटेल नगर का अपना “वल्लभ कुंज” भी है, जहां पुष्प वाटिका एवं गौशाला संचालित हैं। जन्माष्टमी की सजावट के लिए बड़ी मात्रा में फूल वल्लभ कुंज की पुष्प वाटिका से मंदिर पहुंचेंगे। इस प्रकार वल्लभ कुंज में उगाए गए पुष्पों के साथ देश-विदेश से आने वाले विशेष फूल पूरे मंदिर परिसर को भव्य, आकर्षक एवं उत्सवमय स्वरूप प्रदान करेंगे।
निरंतर हरे कृष्ण महामंत्र कीर्तन का आयोजन
पूरे जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान निरंतर हरे कृष्ण महामंत्र कीर्तन, श्रीकृष्ण कथा तथा विभिन्न आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों द्वारा विशेष नाट्य प्रस्तुति भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
हरिनाम संकीर्तन, कथा और विभिन्न भक्तिमय कार्यक्रमों से मंदिर परिसर पूरे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आध्यात्मिक वातावरण से गुंजायमान रहेगा।
प्रमुख सांस्कृतिक आकर्षण — “रुक्मिणी कल्याणम्”
इस वर्ष जन्माष्टमी महोत्सव का प्रमुख सांस्कृतिक आकर्षण “रुक्मिणी कल्याणम्” होगा। यह भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीमती रुक्मिणी देवी के दिव्य विवाह प्रसंग पर आधारित एक भक्तिमय नाट्य प्रस्तुति है।
14 वर्षों की शास्त्र आधारित नाट्य परंपरा
ISKCON पटेल नगर में पिछले लगभग 14 वर्षों से जन्माष्टमी, राम नवमी एवं अन्य प्रमुख आध्यात्मिक उत्सवों पर शास्त्र आधारित नाट्य प्रस्तुतियों की परंपरा चली आ रही है। इसकी विशेषता यह है कि इसके कलाकार किसी बाहरी व्यावसायिक नाट्य समूह के नहीं, बल्कि भोपाल के ही श्रद्धालु एवं सेवक हैं, जो सेवा भाव से इन प्रस्तुतियों को तैयार करते हैं।
AI Cinema, Web Series और OTT Platforms के वर्तमान दौर में पारंपरिक मंचीय नाट्य कला धीरे-धीरे कम होती जा रही है। ऐसे समय में ISKCON पटेल नगर द्वारा श्रीमद्भागवतम, रामायण एवं अन्य वैदिक ग्रंथों में वर्णित प्रसंगों को नाट्य कला के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भारतीय रंगमंच की प्राचीन परंपरा के अनुरूप आवश्यकता अनुसार पुरुष कलाकार महिला पात्रों की भूमिकाएं भी निभाते हैं।
सभी श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त प्रसाद
जन्माष्टमी महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में प्रसाद की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। मंदिर के सेवक एवं स्वयंसेवक प्रसाद की तैयारी, वितरण तथा श्रद्धालुओं की सेवा में जुटेंगे, ताकि आने वाले श्रद्धालु सुचारु रूप से भगवान का प्रसाद प्राप्त कर सकें।
विशाल पंडाल, सुरक्षा एवं पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगभग 30,000 वर्गफुट (100 × 300 फीट) का मुख्य पंडाल, लगभग 12,800 वर्गफुट का प्रसाद पंडाल तथा लगभग 10,000 श्रद्धालुओं को समायोजित करने की क्षमता वाला जर्मन हैंगर तैयार किया जा रहा है।
वाहनों के लिए लगभग 200 कारों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन के लिए प्रवेश एवं निकास तथा भीड़ प्रबंधन की अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा के लिए मंदिर के सेवकों, स्वयंसेवकों एवं प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
गीता कोर्स एवं युवा वृंदावन यात्रा के लिए पंजीयन
जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता के आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से गीता कोर्स के लिए पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके साथ ही युवाओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली, वैदिक संस्कृति एवं वृंदावन की आध्यात्मिक परंपरा से परिचित कराने के उद्देश्य से युवा वृंदावन यात्रा के लिए भी पंजीयन किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रण
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के इस भव्य आयोजन में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इनमें मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, रामेश्वर शर्मा, चेतन्य कश्यप, नरेंद्र शिवाजी पटेल एवं कृष्णा गौर सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हैं।
