MP News: CM मोहन यादव ने रामराजा सरकार के किए दर्शन, क्या बदलेगा जहांगीर महल का नाम?
MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को निवाड़ी जिले के ओरछा स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री रामराजा लोक में जारी निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए।
MP News: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आज दूसरा दिन है। इस बीच निवाड़ी के ओरछा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को रामराजा सरकार के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने रामराजा लोक में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान CM ने ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण और प्राचीन निर्माण शैली को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने जहांगीर महल का नाम बदलकर ‘वीर सिंह महल’ करने के संकेत भी दिए।
निर्माण कार्यों का लिया जायजा
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने रामराजा लोक में चल रहे विकास कार्यों का निरिक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश को परियोजना और चल रहे कामों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा की पुरानी इमारतें बुंदेला राजाओं की समृद्ध विरासत हैं। इनका मूल स्वरूप बनाए रखने के लिए पुराने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री का ही उपयोग करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए कुशल कारीगर काम कर रहे हैं।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने ओरछा में रामराजा लोक का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। उज्जैन के महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां विकास के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों का विकास किया जाएगा। ओरछा, चित्रकूट, पशुपतिनाथ और मंदसौर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर भी विकास कार्य किए जा रहे हैं।
रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा में भव्य श्री रामराजा लोक का निर्माण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
चूने से निर्माण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने समय में बने भवनों की निर्माण शैली का अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने सीमेंट के बजाय चूने से दीवारें बनाने पर जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुराने भवन गर्मी में ठंडे और सर्दी में गर्म रहते हैं। इनमें उस समय की निर्माण तकनीक का इस्तेमाल हुआ था। सरकार इसी तकनीक को समझकर आगे काम करेगी।
राम से जुड़े स्थानों के विकास की बात
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के मध्यप्रदेश से जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्ष के वनवास में से 12 वर्ष मध्यप्रदेश में गुजारे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राम से जुड़े ऐसे सभी स्थानों को विकसित करने की दिशा में सरकार काम करेगी। ओरछा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी इसी दिशा में विकसित किया जा रहा है।
क्या बदलेगा जहांगीर महल का नाम?
ओरछा के प्रसिद्ध जहांगीर महल के नाम को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संकेत दिया है कि सरकार इसकी पहचान को बुंदेला राजा वीर सिंह देव के इतिहास से जोड़ने की दिशा में पहल कर सकती है। मुख्यमंत्री का कहना है कि इस ऐतिहासिक भवन का निर्माण राजा वीर सिंह देव ने कराया था। इसलिए इसकी पहचान उनके योगदान और बुंदेला इतिहास के अनुरूप किए जाने पर विचार किया जा सकता है। ऐसे में यदि सरकार इस दिशा में आगे बढ़ती है तो जहांगीर महल को भविष्य में ‘वीर सिंह महल’ के नाम से नई पहचान मिल सकती है। हालांकि फिलहाल इसे सरकार की ओर से नाम परिवर्तन का अंतिम आदेश नहीं माना जा सकता। नाम बदलने की औपचारिक प्रक्रिया और अंतिम निर्णय से जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है।
ओरछा में बैठक का दूसरा दिन
भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक का ओरछा में दूसरा और अंतिम दिन आज है। इस मौके पर मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा संकल्प लेने तक ही नहीं, उस संकल्प को पूरा करने में विश्वास रखती है। यही वजह है कि मध्यप्रदेश में सभी जगहों की बुंदेलखंड क्षेत्र में श्री राम राजा लोक आकर ले रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी मौजूद रहे।
