इंजीनियर हारे, तकनीक फेल! उज्जैन के खड़े हनुमान क्यों नहीं हिले ? पढ़िए इनसाइड स्टोरी
उज्जैन की खड़े हनुमान प्रतिमा को लेकर सोशल मीडिया पर चमत्कार के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन क्या सचमुच ऐसा है? जानिए क्यों नहीं हट पा रही प्रतिमा?
Khade Hanuman Mandir: उज्जैन में कंथल चौराहा-छत्री चौक रोड पर स्थित ‘खड़े हनुमान मंदिर’ इन दिनों चर्चा के केंद्र में है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण के लिए मंदिर को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की कोशिश की गई, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद प्रतिमा अपनी जगह से नहीं हट सकी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह के दावे और चर्चाएं शुरू हो गईं। भक्त इसे हनुमानजी की इच्छा और चमत्कार से जोड़ रहे हैं, जबकि प्रशासन और विशेषज्ञों के सामने अब यह सवाल है कि प्रतिमा को सुरक्षित तरीके से कैसे संरक्षित और स्थानांतरित किया जाए।
कितनी पुरानी है खड़े हनुमान की प्रतिमा?
इस कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा इसका इतिहास भी है। मंदिर को करीब 170 साल पुराना बताया जाता है। इसका कनेक्शन परमार वंश और राजा भोज के शासनकाल से हो सकता है। अगर यह दावा सही निकला तो यह 1000 साल पुरानी मानी जाएगी। हालांकि यह अभी कन्फर्म नहीं है। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित महेश बैरागी का परिवार कई पीढियों से मंदिर की सेवा में समर्पित है।
भक्तों के लिए यह चमत्कार क्यों बन गया?
प्रतिमा के नहीं हिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे। खड़े हनुमान को लोग ‘डॉक्टर हनुमान’ और मंदिर को ‘उज्जैन का एम्स’ कहते हैं। मान्यता है कि यहां बच्चों और बीमार लोगों की मन्नतें पूरी होती हैं, इसलिए प्रतिमा के नहीं हिलने को भक्त भगवान का संकेत और चमत्कार मान रहे हैं।
मशीनें लगीं, कोशिशें हुईं... लेकिन प्रतिमा नहीं हिली
170 साल पुरानी खड़े हनुमान जी की प्रतिमा करीब 10 दिन की कोशिश के बाद हटाई नहीं जा सकी है। प्रतिमा को हटाने के लिए भारी मशीनों और क्रेन का भी इस्तेमाल किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। तमाम कोशिशों के बाद प्रशासन ने एक्सपर्ट्स की मदद लेने का फैसला किया है।
इंदौर से आए विशेषज्ञों के छूटे पसीने
उज्जैन ही नहीं, बल्कि इंदौर से बुलाए गए विशेष इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों ने दो दिनों तक काफी सावधानी के साथ प्रयास किया, ताकि मूर्ति में कोई टूट-फूट न हो। हालांकि स्थिति जस की तस बनी रही।
बेसाल्ट पत्थर बना रहस्य का कारण!
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के पुराविद प्रोफेसर डॉ. रमण सोलंकी के मुताबिक प्रतिमा पर लंबे समय से सिंदूर चढ़े होने के कारण उसकी मूल बनावट और भाव-भंगिमा साफ नजर नहीं आती, प्रतिमा के पीछे मौजूद पत्थर को देखकर उन्होंने इसे मालवा क्षेत्र का बेसाल्ट बताया। उन्होंने कहा कि राजा भोज के दौर में करीब एक हजार साल पहले इस तरह के पत्थर पर प्रतिमाएं बनाने की परंपरा थी। बेसाल्ट बेहद मजबूत माना जाता है। हालांकि, प्रतिमा की वास्तविक उम्र तय करने के लिए वैज्ञानिक जांच जरूरी है। पत्थर प्राचीनता का संकेत जरूर देता है, लेकिन प्रतिमा कब बनी और कब स्थापित हुई, इसका प्रमाण विशेषज्ञ परीक्षण के बाद ही सामने आएगा।
ASI की मदद से हटाई जाएगी प्रतिमा
प्रतिमा हटाने को लेकर पुराविद डॉ. रमण सोलंकी ने कहा कि जल्दबाजी के बजाय विशेषज्ञों की मदद से तकनीकी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि एएसआई और मध्यप्रदेश पुरातत्व विभाग के पास ऐतिहासिक प्रतिमाओं व संरचनाओं को सुरक्षित स्थानांतरित करने का अनुभव है। उनका कहना है कि उचित तकनीक से प्रतिमा को बिना नुकसान पहुंचाए स्थापित किया जा सकता है। साथ ही प्राण-प्रतिष्ठित प्रतिमा की धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी जरूरी है। अब प्रशासन के सामने प्रतिमा की प्राचीनता की जांच और सुरक्षित विस्थापन की चुनौती है।
प्रतिमा हटाने आई IIT इंदौर की टीम
अब IIT इंदौर की टीम को बुलाया गया है। टीम ने स्पेशल इक्विपमेंट से प्रतिमा की गहराई और आसपास की जमीन की जांच की। पुरातत्व एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि प्रतिमा करीब 1000 साल पुरानी हो सकती है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रतिमा के नीचे क्या है? प्रतिमा जमीन में कितनी गहराई तक है? इसके बाद एक्सपर्ट रिपोर्ट देंगे। फिर तय होगा कि इसे सुरक्षित तरीके से हटाया जा सकता है या नहीं।
अब एक्सपर्ट बताएंगे चमत्कार या विज्ञान?
उज्जैन के खड़े हनुमान की कहानी फिलहाल किसी चमत्कार का फैसला नहीं, बल्कि आस्था, इतिहास और आधुनिक तकनीक के आमने-सामने खड़े होने की कहानी है। भक्त इसे भगवान की इच्छा मान रहे हैं, जबकि विशेषज्ञ जमीन के भीतर छिपी वजह तलाश रहे हैं। अब असली जवाब जांच की रिपोर्ट देगी—प्रतिमा की जड़ें कितनी गहरी हैं, उसकी उम्र कितनी है और आखिर वह अपनी जगह से क्यों नहीं हिली।
फिलहाल हनुमान जी वहीं खड़े हैं… और उनके साथ खड़ा है एक बड़ा सवाल—क्या यह सिर्फ आस्था की ताकत है, इतिहास का रहस्य है या जमीन के नीचे छिपी इंजीनियरिंग की कोई अनकही कहानी?