Datia by-election voting : दतिया उपचुनाव में अबतक 50% मतदान, 3 केंद्रों में तकनीकी खराबी
Datia by-election voting : सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने से पहले तीन मतदान केंद्रों पर ईवीएम से जुड़े उपकरणों में तकनीकी खराबी सामने आई।
Datia by-election voting : मध्य प्रदेश। दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। दोपहर 1 बजे तक करीब 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसी दौरान जिले में तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को असुविधा हुई। हालांकि, बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचते रहे। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश की संभावना जताई थी। जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग लगातार मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी का तुरंत समाधान किया जा सके।
मतदान शुरू होने से पहले तीन बूथों पर EVM में आई तकनीकी खराबी
सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने से पहले तीन मतदान केंद्रों पर ईवीएम से जुड़े उपकरणों में तकनीकी खराबी सामने आई। मतदान केंद्र क्रमांक 186 पर वीवीपैट, केंद्र क्रमांक 108 पर बैलेटिंग यूनिट और केंद्र क्रमांक 290 पर कंट्रोल यूनिट में समस्या पाई गई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि मॉक पोल के दौरान सभी राजनीतिक दलों के एजेंटों और कैमरों की मौजूदगी में खराब उपकरणों को बदल दिया गया। इसके बाद तय समय पर सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू कराया गया और प्रक्रिया बिना किसी बाधा के आगे बढ़ी।
लखनपुर में सड़क की मांग पर मतदान बहिष्कार
बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर "सड़क नहीं तो वोट नहीं" का नारा देते हुए मतदान का बहिष्कार किया।
सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रशासन की समझाइश के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने मतदान किया।
वहीं बसई के अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र पर भी सुबह से शांतिपूर्ण मतदान जारी रहा। यहां सुबह 11:30 बजे तक 793 मतदाताओं में से 294 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो करीब 37 प्रतिशत मतदान रहा। पहले के चुनावों में विवादों के कारण इस केंद्र पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
भाजपा और कांग्रेस ने जताई जीत की उम्मीद
कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद दावा किया कि जनता इस बार भाजपा के अहंकार का जवाब देगी और कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। उन्होंने बसई क्षेत्र में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ में प्रवेश नहीं देने का आरोप भी लगाया।
दूसरी ओर भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने मतदान से पहले पीतांबरा पीठ में दर्शन किए और दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार तथा भयमुक्त वातावरण की कामना की।
इसके बाद उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और भाजपा के पक्ष में मजबूत जनसमर्थन मिलने का दावा किया।
नीबरी पंचायत में सबसे अधिक मतदान
दतिया की आदिवासी बहुल नीबरी पंचायत में दोपहर 1 बजे तक 78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो जिले के अन्य क्षेत्रों की तुलना में काफी अधिक रहा। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही महिला और पुरुष मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
पूरे विधानसभा क्षेत्र के 291 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता मतदान कर रहे हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए एसएसबी सहित 16 सुरक्षा कंपनियों के 1422 जवान तैनात किए गए हैं।
संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तथा सेक्टर मोबाइल टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा की चुनाव आयोग से शिकायत
मतदान के बीच सोशल मीडिया पर दतिया भाजपा जिला अध्यक्ष को हटाए जाने से जुड़ी एक कथित फर्जी फेसबुक पोस्ट भी चर्चा में रही। भाजपा ने इस पोस्ट को भ्रामक बताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
पार्टी का आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए मतदाताओं को भ्रमित करने का प्रयास किया गया। भाजपा ने संबंधित यूजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चुनाव आयोग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
मतदान में जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास जारी
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने स्वयं मतदान कर मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। उन्होंने मतदान केंद्र पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर तस्वीर भी खिंचवाई।
प्रशासन का कहना है कि मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया गया है और सभी मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की जा रही है।
