MP Politics: CM मोहन यादव आज ट्राइबल सांसदों-विधायकों के साथ डिनर करेंगे, अचानक बने कार्यक्रम से सियासी हलचल तेज
MP Politics:CM मोहन यादव आज ट्राइबल सांसदों-विधायकों के साथ बैठक और डिनर करेंगे। अचानक बने कार्यक्रम को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
MP Politics: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को भोपाल में चुनिंदा सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ डिनर करेंगे। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति वर्ग के नेताओं को बुलाया गया है। डिनर से पहले सीएम इन नेताओं के साथ करीब चार घंटे बैठक भी करेंगे। अचानक तय हुए इस कार्यक्रम को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
डिनर से पहले चार घंटे होगी बैठक
मुख्यमंत्री आवास पर होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे बैठक से होगी। यह बैठक रात करीब 8 बजे तक चलेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री नेताओं के साथ रात्रिभोज करेंगे। हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ट्राइबल वर्ग के नेताओं को मिला न्योता
जानकारी के मुताबिक, डिनर में मुख्य रूप से अनुसूचित जनजाति वर्ग से आने वाले सांसद, विधायक और मंत्री शामिल होंगे। प्रदेश सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान, संपतिया उइके, निर्मला भूरिया और कमलेश शाह के शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, दुर्गादास उइके, सांसद हिमाद्री सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते समेत कई अन्य नेताओं के भी पहुंचने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि करीब 13 अन्य नेता भी इस बैठक और डिनर का हिस्सा बन सकते हैं।
अचानक बने कार्यक्रम ने बढ़ाई सियासी चर्चा
इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा अचानक तैयार किए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। खासकर इसलिए क्योंकि इसमें ट्राइबल समुदाय से जुड़े नेताओं को प्राथमिकता दी गई है। बैठक का एजेंडा सामने नहीं आया है, इसलिए इसके पीछे की वजहों को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
ट्राइबल वोटबैंक पर फोकस की चर्चा
राजनीतिक जानकार इस आयोजन को आदिवासी क्षेत्र और ट्राइबल नेतृत्व पर सरकार के फोकस से जोड़कर देख रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व भी राज्यों में जनजातीय वर्ग और उनके नेताओं के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दे रहा है।