MP News: इंदौर में "छात्रों की गूंज" पर सियासत तेज , जीतू पटवारी ने सीएम मोहन यादव से मांगी नेहरू स्टेडियम की अनुमति
MP News: राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर इंदौर में सियासत तेज हो गई है। जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव और कैलाश विजयवर्गीय से नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग की है।
MP News: इंदौर में कांग्रेस के प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को लेकर अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 12 सितंबर को इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने की मांग की है। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद प्रस्तावित है।
नेहरू स्टेडियम देने की मांग
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पत्र लिखकर राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस के प्रस्ताव को संज्ञान में लेते हुए नेहरू स्टेडियम कार्यक्रम के लिए तत्काल उपलब्ध कराया जाए।
12 सितंबर को “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 12 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस बड़े आयोजन के जरिए इंदौर और उसके आसपास के जिलों से लगभग 50 हजार जेन जी युवाओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, जिन्हें राहुल गांधी संबोधित करने वाले हैं। जिसके लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर इस कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
यह राजनीतिक प्रचार नहीं- जीतू
जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और शिक्षा की सुरक्षा तथा युवाओं के भविष्य को लेकर पूरे देश में जनजागृति अभियान चला रहे हैं। यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल के प्रचार के लिए नहीं है। यह देश के भविष्य, युवाओं के सपनों और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा संवाद है। पटवारी ने कहा कि युवाओं के सपने तभी सुरक्षित रहेंगे, जब शिक्षा सुरक्षित रहेगी। शिक्षा बचेगी तो देश का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। पटवारी ने सरकार से अपील की कि वह कार्यक्रम के महत्व को समझते हुए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध करवाए।
सरकार के फैसले पर नजर
कांग्रेस की ओर से नेहरू स्टेडियम में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की गई है। कार्यक्रम में राहुल गांधी के शामिल होने की बात भी पटवारी के पोस्ट में कही गई है। अब सभी की नजर सरकार और संबंधित प्रशासन के फैसले पर है कि कांग्रेस को कार्यक्रम के लिए स्टेडियम की अनुमति मिलती है या नहीं।